- Hindi News
- दुकान सील : दोगुने दाम पर बेच रहे थे यूरिया
दुकान सील : दोगुने दाम पर बेच रहे थे यूरिया
कार्यालय संवाददाता|गुना/कुंभराज/राघौगढ़
खादको लेकर जिलेभर में चल रहा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। संकट बढ़ने के साथ की कालाबाजारी भी जोर से हो रही है। कुंभराज में दो गुने दाम पर खाद बेचने के मामले में कृषि विभाग ने कार्रवाई की। उधर राघौगढ़ में किसानों ने बरसते पानी में ठिठुरते हुए खाद की लाइन में इंतजार किया। चांचौड़ा में भी खाद को लेकर दिनभर विवाद होते रहे। कुंभराज में मनोज साहू नामक खाद विक्रेता की दुकान का स्टॉक कालाबाजारी की शिकायत मिलने के बाद सील कर दिया गया। कृषि विस्तार अिधकारी डीएस कुशवाह ने बताया कि किसानों ने शिकायत की थी कि उक्त कारोबारी द्वारा खाद का एक कट्टा 500 रुपए तक में बेचा जा रहा है। इसके बाद उसका गोदाम सील किया गया। इसमें करीब 140 कट्टे थे। उन्होंने बताया कि खाद विक्रेता का लाइसेंस निरस्त करने के लिए डिप्टी डायरेक्टर को लिखा गया है।
एनएफएल का घेराव
उधरइस मुद्दे को लेकर किसान संघ ने शनिवार को एनएफएल का घेराव करने का ऐलान कर दिया है। संगठन के प्रदेश पदाधिकारी जसवंत सिंह ने आरोप लगाया कि एनएफएल द्वारा मप्र को खाद नहीं दी जा रही है। 10-12 दिन से प्रदेश के कई जिलों में खाद की भारी किल्लत है। इस आंदोलन में भिंड, मुरैना सहित कई अन्य जिलों से सैकड़ों किसानों के पहुंचने की संभावना है।
गुना में नानाखेड़ी मंडी पर शुक्रवार को यूरिया लेकर सहकारी समिति के नेगमा स्थित गोदाम पर जा रहे ट्रक को किसानों ने रोक लिया। उनका कहना था कि पहले उन्हें खाद दी जाए, तब सहकारी समिति में भेजी जाए। इसे लेकर बड़ी देर तक विवाद की स्थिति बनी रही।