गुना। जिले के बमाेरी ब्लॉक के काबरा बमोरी गांव में शुक्रवार-शनिवार की रात को आकाशीय बिजली गिरने से पिता-पुत्र की मौत हो गई। तहसीलदार माधवी शर्मा ने बताया कि रात करीब 2 बजे हुए इस हादसे में मंगलिया सहरिया (43 साल)और उसके 8 वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प|ी द्रोपती बाई घायल हो गई। उन्होंने बताया कि उक्त परिवार खेत में झोपड़ी बनाकर रहता था। रात में जब वे सो रहे थे तभी बिजली गिरी।
गुना जिले की चांचौड़ा, बम्होरी तहसील के करीब 12 से ज्यादा गावों में ओलावृष्टि हुई। बीती रात करीब 12 बजे के बाद ओले गिरने से फसलों और खासतौर पर धनिया को नुकसान पहुंचा है।
बारिश की चेतावनी : सीहोर।मौसम विभाग ने अगले तीन दिन रुक-रुककर बारिश की संभावना जताई है। सीहोर सहित सागर, भोपाल, रायसेन, विदिशा, दमोह में भी इसका असर रहेगा। यहां तीनों दिन बारिश की संभावना जताई गई है। आरएके कॉलेज स्थित मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी डॉ. एसएस तोमर के अनुसार 7 से 11 फरवरी तक लगातार उत्तर पूर्व से हवा चलेंगी। अंतिम तीन दिनों में इनकी रफ्तार 10 से 12 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। इस कारण तीन दिनों में दो सेमी तक बारिश हो सकती है।