- Hindi News
- नवंबर में हो सकते हैं नपा चुनाव अगले माह से आचार संहिता!
नवंबर में हो सकते हैं नपा चुनाव अगले माह से आचार संहिता!
नगरपालिका के चुनाव नवंबर माह में हो सकते हैं। इसे देखते हुए अगले माह तक आचार संहिता के लागू होने की संभावना जताई जा रही है। निर्वाचन के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाल में राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त आर. परशुराम द्वारा राजनीतिक दलों की बैठक में इस बात के संकेत दिए गए हैं।
उनके मुताबिक नवंबर में 280 से ज्यादा निकायों और दिसंबर में शेष 10-11 िनकायों के चुनाव प्रस्तावित हैं। अगर ऐसा होता है तो अगले माह यानि अक्टूबर में चुनाव आचार संहिता लागू होना तय है। यानि नपा स्तर पर कराए जाने वाले कामों के लिए अब मुश्किल से 15 दिन का समय ही बचा है। जिले में मतदाता सूची पर 15 सितंबर तक आईं दावे-आपत्तियों का निराकरण आरंभ हो गया है। अगले कुछ दिनों में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होने की संभावना है। पहली बार बन रही फोटोयुक्त मतदाता सूची को लेकर भारी शिकायतें सामने आईं थीं।
दो बार होगा रेंडमाइजेशन
इसबार निकाय और पंचायत स्तर के चुनावों में पहली बार ईवीएम का इस्तेमाल होगा। चुनावों के लिए जिले में मशीनों की एक खेप चुकी है। यह मशीनें विधानसभा लोकसभा चुनावों से अलग होंगी। इनका दो बार रेंडमाइजेशन किया जाएगा। पहला जिला स्तर पर और दूसरा निकाय स्तर पर। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।