दो सप्ताह से बंद पड़ा है कार्य
नकवाड़ा से मगरधा तक अधूरा है सड़क का निर्माण
लोकनिर्माण विभाग से बन रही हरदा मगरधा सड़क का निर्माण कार्य बीते कुछ दिनों से बंद पड़ा है। हरदा से नकवाड़ा तक तो मार्ग बन गया है लेकिन यहां से मगरधा तक मार्ग पर गिट्टी ही बिछ पाई है। अधूरे कार्य के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सालों पहले स्वीकृत हुआ हरदा-मगरधा सड़क का निर्माण अभी भी पूरा नहीं हो पाया है। हालांकि निर्माण कार्य अंतिम चरणों में पहुंच गया है। 25 किमी के इस मार्ग को पूरे होने में अभी भी समय लगेगा। जानकारी के अनुसार मार्ग का निर्माण कार्य बीते दो सप्ताह से बंद है। हरदा से नकवाड़ा तक सड़क पर डामरीकरण का कार्य भी पूरा हो गया है। लेकिन नकवाड़ा से मगरधा तक का कार्य अधूरा होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी रही है। सड़क पर गिट्टी डालने के कारण यहां से दोपहिया वाहनों को निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण मुकेश राजपूत ने बताया कि सड़क का निर्माण पूरा होने पर आया है। जल्द ही बचा हुआ निर्माण पूरा कर देना चाहिए जिससे ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिले।