- Hindi News
- नाबालिग स्कूली छात्रा का अपहरण, विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी
नाबालिग स्कूली छात्रा का अपहरण, विरोध में सड़क पर उतरे व्यापारी
24 घंटे का अल्टीमेटम, 14 फरवरी को शहर बंद, मौन जूलूस निकाला
शहरके एक संभ्रांत परिवार की नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपहरण करने का मामला अब तूल पकड़ रहा है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे की मोहलत देकर शनिवार 14 फरवरी को बाजार बंद रखने की घोषणा कर दी है।
एसपी को ज्ञापन देने के 24 घंटे बाद आक्रोशित व्यापारी गुरुवार को सड़क पर उतर आए। गुरुवार को शाम 5 बजे घंटाघर चौक पर एकत्रित सैकडों व्यापारियों ने शहर के मुख्य बाजार से मौन जुलूस निकाला। व्यापारियों ने लाउडस्पीकर पर शहरवासियों को उक्त घटना की जानकारी दी और विरोध जताने को कहा।
सप्ताहभर में भी छात्रा का पता नहीं लग पाया है। आरोपी नेपाली पटेल उर्फ विष्णु विश्नोई भी पुलिस की गिरफ्त में नहीं रहा है। हालांकि पुलिस ने दबाव बनाने जिले के बड़नगर गांव में रहने वाले आरोपी नेपाली के पिता और दो भाइयों को धारा 151 में गिरफ्तार किया। पता चला कि आरोपी के पिता को जमानत पर छोड़ दिया गया है। परिजनों से पुलिस यह पता नहीं लगवा सकी कि आरोपी छात्रा का अपहरण कर कहां छुपा हुआ है।
शहर के सेंट मेरी स्कूल में 12वीं की छात्रा 5 फरवरी की शाम लगभग सात बजे लापता हुई थी। परिजनों की एफआईआर पर पुलिस ने 7 फरवरी को आरोपी विष्णु विश्नोई नामक युवक पर अपहरण का अपराध दर्ज किया था। इसी दिन से आरोपी के मोबाइल फोन भी बंद मिल रहे हैं। सूत्रों के अनुसार साइबर सेल आरोपी के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल के आधार पर लोकेशन का पता लगा रही है। बताया गया है कि आरोपी नेपाली पटेल लंबे समय से छात्रा पर शादी करने का दबाव डालकर परेशान कर रहा था। इसी वजह से परिजनों ने छात्रा को कुछ दिनों के लिए बाहर भी भेज दिया था।
एसपी प्रेमबाबू शर्मा ने बताया की अपह्त छात्रा का पता लगाने पुलिस पार्टियां पड़ोसी जिलों और दूसरे राज्यों में भी भेजी गई हैं। आरोपी के पिता और भाई से पूछताछ में कुछ सुराग नहीं मिला। उन्हें जेल भेजा गया है। साइबर सेल से भी मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है।
हरदा. स्कूली छात्रा के अपहरण के विरोध में मौन जुलूस निकालते व्यापारी।