- Hindi News
- सुबह आए थे तीर्थयात्री, रात को 8 बजे आई ट्रेन
सुबह आए थे तीर्थयात्री, रात को 8 बजे आई ट्रेन
राज्यसरकार की तीर्थ दर्शन यात्रा में द्वारका जाने वाले हरदा जिले के डेढ़ सौ से ज्यादा तीर्थयात्री और उन्हें छोड़ने आए परिजन छह से आठ घंटे तक ट्रेन का इंतजार करते रहे। गुरुवार की शाम 4 बजे आने वाली तीर्थयात्रा स्पेशल ट्रेन रात 8.15 बजे हरदा स्टेशन पर आई।
एक दिन पहले डिप्टी कलेक्टर सपना लोवंशी ने तीर्थयात्रियों से शाम 4 बजे हरदा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने को कहा था। लेकिन जिला मुख्यालय से बाहर दूसरी तहसीलों के तीर्थयात्रियों को 18 सितंबर की सुबह 10 बजे तक पहुंचने की सूचना स्थानीय स्तर पर मिली थी। ये लोग परिजनों के साथ सुबह से हरदा स्टेशन गए। कुछ लोगों को दोपहर 2 बजे का समय बताया गया। जब शाम 4 बजे भी ट्रेन आने की उद्घोषणा नहीं हुई तो परिसर और प्लेटफार्म पर घंटों डेरा डाले बुजुर्ग महिला-पुरुष ट्रेन का इंतजार करते-करते झुंझला गए। शाम 5 बजे स्टेशन पर प्रशासन से कुछ लोग तीर्थयात्रियों के आई कार्ड बांटकर चले गए। शंकर मंदिर मंडली के शंकरलाल सालिगराम कौशल ने बताया,सुबह से स्टेशन पर बैठकर हम तो परेशान हो गए। यात्रियों को स्टेशन मास्टर कक्ष से भी पता नहीं चल पा रहा था ट्रेन कब तक आएगी। आखिरकार ट्रेन आते-आते रात के सवा आठ बज गए। प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन की अगली बोगियों में हरदा जिले के 163 यात्री द्वारका यात्रा करने सवार हुए।
द्वारका की यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को घंटों तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।