- Hindi News
- सोते रहे घर के लोग, चोर स्टार्ट कर ले गया कार
सोते रहे घर के लोग, चोर स्टार्ट कर ले गया कार
हरदौलबाबा के सामने गली में स्थित एक मकान में अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर में घुसकर अलमारी खोलकर समान टटोला और लैपटॉप और सूटकेस लेकर रफूचक्कर हो गए। इतना ही नहीं चोरों ने घर से कार की चाबी उठाई और शेड में रखा वाहन भी ले गए। सुभाष वार्ड निवासी विनय पिता मदन दुबे के यहां सोमवार को तड़के चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। परिवार के लोगों का कहना है कि चोरों ने घर की छत से प्रवेश किया था। प्रथम तल पर स्थित खाली कक्ष में लोहे की अलमारी को खोलकर चोरों ने सामान फैला दिया। बरामदे में रखा लैपटॉप और सूटकेस चोर ले गए। परिवार के लोगों ने बताया कि चोरों ने चोरी की घटना तीन से पांच बजे के बीच की है। उन्होंने बताया कि अलमारी में रखे आभूषण भी चोर ले गए है लेकिन वे सब नकली थे। सूचना मिलते ही पुलिस जांच के लिए मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने विनय दुबे की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
हरदा। चोरों ने अलमारी खोलकर सामान फैला दिया।
कार की आवाज तो आई लेकिन सोचा दूसरे की गाड़ी होगी
परिवार के लोगों ने बताया कि चोर घर में रखी अल्टो कार की चाबी उठाकर शेड में रखी कार भी ले गए। उन्होंने बताया कि रात में कार निकालने की आवाज भी आई थी। लेकिन किसी दूसरे का वाहन होने का समझकर ध्यान नहीं दिया गया। चोरी होने का पता चलने के बाद इसका अहसास हुआ।