डेढ़ साल बाद भी पूरा नहीं हुआ सड़क का काम
>साल 2013 में मुख्यमंत्री ने किया था तजपुरा-जलोदा सड़क निर्माण का भूमिपूजन
नगर संवाददाता|तजपुरा
गांव से जलोदा मार्ग की स्वीकृति होकर भूमिपूजन हुए डेढ़ साल से भी अधिक समय हो गया लेकिन अब तक रोड का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। ठेकेदार ने सड़क निर्माण में सिर्फ अर्थवर्क ही किया है। इसके आगे का काम नहीं किया, जबकि इस आठ करोड़ रुपए की राशि से बनने वाली सड़क का शिलान्यास मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 16 मई 2013 को किया था। इसके बाद ठेकेदार ने सड़क निर्माण में अर्थवर्क और पुलिया ही बनाई और इसके बाद का काम बंद पड़ा है। गौरतलब है कि पीडब्ल्यूडी की इस सड़क के निर्माण पर विभाग भी ओर ध्यान दे रहा। ग्रामीणों में इसे लेकर आक्रोश है। ग्रामीण गंगाविशन मौर्य, आत्माराम गौर, सुखपाल, मनोहर सेठ, गौरीशंकर पटेल, सत्यनारायण कामल्या, श्यामलाल पटेल, तोताराम पटेल, मनीष दोगने, विजय सोलंकी, श्यामसिंह ठाकुर, अरविंद गौर आदि ने बताया कि करीब आधा दर्जन गांवों को इस सड़क की सौगात मिली थी, लेकिन शासन और पीडब्ल्यूडी की उदासीनता के चलते यह सौगात अब तक पूरी नहीं हुई है। बारिश में इस रोड से आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जल्द ही सड़क का निर्माण पूरा कराने की मांग की है।
जांच करवाऊंगा
^मैंने तजपुरा से जलोदा मार्ग नोट कर लिया है। अधिकारी अभी आने वाले हैं, जानकारी लूंगा, क्यों अधूरा पड़ा है। क्वालिटी खराब हुई तो जांच करवाऊंगा। रजनीशश्रीवास्तव, कलेक्टर,हरदा।