- Hindi News
- गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाएंगे: गोपालमणि
गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाएंगे: गोपालमणि
गोमाता को राष्ट्र माता के पद पर सुशोभित करने के लिए प्रदेश का भ्रमण कर रहे भारतीय गो क्रांति मंच के अग्रदूत एवं धेनू मानष ग्रंथ के रचयिता संत गोपालमणि महाराज सोमवार को हरदा पहुंचे। खंडवा रोड से रैली निकाली गई जो गुर्जर बोर्डिंग पहुंची। यहां जागरण सभा का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गो सेवक शामिल हुए। सुबह 11 से दोपहर साढ़े 12 बजे तक यहां सभा का आयोजन किया गया। सभा के दौरान संत गोपालमणि महाराज ने उपस्थित गो सेवकों को गोमाता की महिमा बताई। प्रदेश सहित देश में गोमाता को राष्ट्र माता के पद पर सुशोभित किए जाने को लेकर चलाए जा रहे अभियान से उपस्थितजनों को अवगत कराया गया।
उन्होंने गोमाता से लोगों की आस्था के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा हर हाल में दिलाया जाएगा। इसके लिए हम सब को तैयार रहना है। इस दौरान उन्होंने सरकार से की जाने वाली पांच सूत्रीय मांगों के बारे में भी बताया। मांगों में गोमाता को राष्ट्रीय माता घोषित किए जाने, देश में चल रहे कत्लखाने बंद किए जाने, मध्यान्ह भोजन में बच्चों को गाय का दूध अनिवार्य किए जाने सहित अन्य मांगें शामिल है।
जिला गोशाला समिति के प्रवक्ता बृजमोहन पारे ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे महाराज नगर में आए थे। शहर में धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। गुर्जर बोर्डिंग छात्रावास में महाराज का सम्मान किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान देश और प्रदेश में वृहद आयोजन भी किए जाने हैं।
हरदा। गुर्जर बोर्डिंग परिसर में सभा के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
खंडवा रोड से निकाली शोभायात्रा, गुर्जर बोर्डिंग में हुई सभा