महासंघ ने सीएमओ को दिया ज्ञापन
हरदा| नगरपालिकाके कर्मचारियों की समस्याओं को हल करने के लिए मप्र कार्यभारित कर्मचारी एवं दैनिक वेतनभोगी श्रमिक महासंघ ने गुरुवार को सीएमओ को ज्ञापन दिया। ज्ञापन में समस्याओं के समाधान किए जाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से निकाय में कार्यरत कर्मचारी विजेंद्र कलोसिया के साथ हुई अभद्रता के मामले में शासन द्वारा की गई कार्रवाई से अवगत कराए जाने, निकाय में योगेश खरे को सितंबर माह से वर्तमान समय तक वेतन दिए जाने, कर्मचारियों के वेतन का भुगतान निश्चित तिथि को किए जाने तथा निश्चित तिथि की जानकारी दिए जाने, कर्मचारियों के वेतन से काटी जा रही ईपीएफ की जानकारी लिखित में संगठन को दिए जाने, कर्मचारियों की गणवेश, वेतन भुगतान की पर्ची की जानकारी दिए जाने, कर्मचारी महासंघ द्वारा पूर्व में की गई हड़ताल के पश्चात 32 दैवेभो की मूल नस्ती की जानकारी एवं वेतन भुगतान की जानकारी का अवलोकन कराए जाने सहित अन्य मांगें शामिल है। कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों की बिंदू बार समस्याओं की लिखित में जानकारी मांगी है। उक्त बिंदूओं की समय पर जानकारी नहीं मिलने पर महासंघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल किए जाने की बात कही है।