- Hindi News
- धान बेचने जा रहे किसानों की ट्राॅली को टक्कर मारी, एक की मौत, तीन घायल
धान बेचने जा रहे किसानों की ट्राॅली को टक्कर मारी, एक की मौत, तीन घायल
टेमलावाड़ीसे धान लेकर इटारसी बेचने जा रहे किसानों की ट्रॉली को ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना दोपहर करीब दो बजे की है। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लेकर आए। जानकारी के अनुसार टेमलावाड़ी और चारुवा के पास स्थित बाबड़िया गांव के किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लेकर इटारसी बेचने के लिए जा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पांच-छह लोग सवार थे। मसनगांव-कांकरिया के बीच दोपहर करीब दो बजे पीछे से रहे ट्रक ने ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली पलटने से किसान ट्रॉली में फंस गए। ग्रामीणों ने मदद कर घायलों को बाहर निकाला। घटना में टेमलावाड़ी निवासी सुहागसिंह पिता सीताराम, घासीराम पिता मल्ला और रामचंद्र पिता सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि चारुवा के पास स्थित बाबड़िया गांव के रणछोड़ की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सुहाग सिंह ने बताया कि पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी थी जिससे यह हादसा हुआ है।
घायल हुए लोगों और मृतक को दोपहर तीन बजे जिला अस्पताल लाया गया था। यहां घायलों का इलाज तो डॉक्टरों ने शुरू कर दिया लेकिन मृतक के पोस्टमार्टम में लापरवाही बरती गई। डॉक्टर मृतक के परिजनों को यहां-वहां भेजते रहे। इससे परिजन परेशान हो गए। लोकेश विश्नोई ने बताया कि दो घंटे से परेशान होते रहे मामला कलेक्टर रजनीश श्रीवास्तव तक पहुंचा इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई।
हरदा। मसनगांव-कांकरिया के बीच धान से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ट्रक की टक्कर से पलट गई।
टेमलावाड़ी से इटारसी जा रहे थे किसान, मसनगांव-कांकरिया के पास की घटना