लगातार बढ़ रहे अपराध, समीक्षा के बाद डीजीपी ने कहा- स्थिति संतोषप्रद
कांग्रेसी बोले जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त
इटारसी से फरार अातंकी के संबंध में नहीं थी जानकारी
भास्कर संवाददाता | होशंगाबाद
प्रदेश में अपराधों से आम जनता भयभीत है। अकेले होशंगाबाद रेंज के चार जिलों में ही 2015 में 181 हत्याएं और 142 हत्या के प्रयास की वारदात हुई। अन्य अपराधों में भी बढ़ोत्तरी हुई। रेंज में ही 14845 अपराध दर्ज हुए लेकिन बुधवार को होशंगाबाद दौरे पर आए डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) सुरेंद्र सिंह ने चारों जिलों में स्थिति संतोषप्रद बताई। इटारसी स्टेशन से पुलिस अभिरक्षा से भागे आतंकी पर इनाम घोषित है या नहीं इस जानकारी से भी वे अनभिज्ञ दिखे। सिंहस्थ तैयारियों और पुलिस की अन्य योजनाओं की उन्होंने जानकारी दी।
डीजीपी दोपहर करीब 12 बजे होशंगाबाद पहुंचे। आईजी ऑफिस में उन्होंने रेंज के होशंगाबाद, हरदा, बैतूल और रायसेन जिले के अपराधों के संबंध में आईजी सतीश सक्सेना, एसपी आशुतोष प्रतापसिंह सहित तीन जिलों के एसपी से सवाल-जवाब किए। इस दौरान उन्होंने अंधे कत्ल और गंभीर अपराधों में कार्रवाई के निर्देश दिए। डीजीपी शाम करीब 5 बजे तक होशंगाबाद में रहे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
350 करोड़ का प्रस्ताव
जीर्णशीर्ण थानों व चौकियों सहित पुलिस लाइन के मकानों के लिए 350 करोड़ का प्रस्ताव तैयार है। सिंहस्थ में सुरक्षा व्यवस्था के सवाल पर वे बोले पहली बार सिंहस्थ ड्यूटी के लिए जवानों को अलग से प्रशिक्षित किया है।
चारों जिलों में सब ठीक है
डीजीपी ने सर्किट हाउस में मीडिया से कहा चारों जिलों में अपराधों की स्थिति संतोषप्रद जताया। जिलेवार अपराधों की स्थिति में अलग-अलग जानकारी देने से परहेज किया। प्रदेश में अपराधों में उन्होंने कमी होने की बात कही। 21 जनवरी को इटारसी स्टेशन से पुलिस हथकड़ी खोलकर भागे सैय्यद अहमद अली के सवाल पर उनका कहना था उसकी तलाश की जा रही है। दूसरे राज्यों की पुलिस का सहारा भी ले रहे हैं। आतंकी पर इनाम घोषणा के सवाल पर वे बोले इनाम तो घोषित हुआ होगा। जबकि हकीकत यह है कि अभी तक पुलिस ने इनाम घोषित नहीं किया है। खंडवा जेल से भागे आतंकवादियों में से तीन की तलाश जारी होने की बात कही।
होशंगाबाद| चर्चा के बाद आईजी कार्यालय से बाहर निकलते डीजीपी।
रेंज के अपराध 2015
माह संख्या हत्या
जनवरी 1049 12
फरवरी 1115 09
मार्च 1070 13
अप्रैल 1106 16
मई 1333 17
जून 1571 23
जुलाई 1339 14
अगस्त 1283 13
सितंबर 1341 16
अक्टूबर 1407 17
नवंबर 1374 14
दिसंबर 857 16
साहब बहुत परेशान हैं
सर्किट हाउस के बाद डीजीपी सिंह आईटीआई रोड स्थित निर्माणाधीन आईजी भवन देखने पहुंचे। पुलिस क्वार्टर और अन्य निर्माण भी देखे। पुलिस लाइन में महिलाओं ने पानी व नाली की समस्या बताई। आरआई को प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। एसपी कार्यालय में पुलिसकर्मियों से बातचीत की। अपराधियों पर लगाम कसने के निर्देश दिए।
पुलिस रहती है मुस्तैद
डीजीपी ने कहा पुलिस आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए तैयार रहती है। जवानों को आधुनिक हथियार मुहैया कराए हैं। पुलिस में बल की कमी है। शासन ने 32 हजार पद स्वीकृत किए हैं। 65 शहरों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। शुरुआत उज्जैन में 10 मार्च से होगी। सायबर अपराधों के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी।
सवाल: रेंज के अपराधों की समीक्षा में क्या निकला।
जवाब : चारों जिलों में स्थिति संतोषप्रद है।
सवाल: आंकड़ों में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।
जवाब: आंकड़े देखकर ही कुछ कह सकूंगा। पिछले साल की तुलना में अपराध कम हुए हैं।
सवाल: अपराध क्यों बढ़ रहे हैं।
जवाब: सभी छोटे-बड़े मामलों में कायमी करते हैं। इसलिए संख्या बढ़ जाती है। गंभीर अपराध कम ही होते हैं।
सवाल: महिलाओं पर अत्याचार नहीं थम रहे।
जवाब: महिलाओं को लेकर गंभीर हैं। कायमी कर जल्द ही चालान पेश करते हैं। इस साल कई लोगों को सजा दिलाई है।
सवाल: अपराधों को खत्म करने की कोई योजना है।
जवाब: हम अपराधी को पकड़कर सजा दिलाते हैं। अपराधों में कमी लाने के लिए समाज को काम करना चाहिए।
सवाल: इटारसी से भागे आतंकी का सुराग लगा।
जवाब: तलाश की जा रही है।
सवाल: उस पर इनाम घोषित किया है क्या।
जवाब- इनाम घोषित हुआ होगा।
कांग्रेसियों ने सर्किट हाउस में डीजीपी को ज्ञापन सौंपा। डीजीपी को बताया जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। पुलिस सत्तापक्ष के प्रभाव में कांग्रेस के नेताओं पर प्रकरण दर्ज कर प्रताड़ित कर रही है। रमेश वामने, शरीफ राइन, रवि जायसवाल, सतेंद्र फौजदार, सुंदरलाल भावसर, अर्जुन पलिया आदि पर द्वेषतावश प्रकरण दर्ज किए गए हैं। कांग्रेसियों ने कानून-व्यवस्था में सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। जिला अध्यक्ष पुष्पराज पटेल ने कहा जिले में जुआ, सट्टा, नशे का कारोबार बेखौफ हो रहा है। हत्या और अन्य अपराधों से जनता भयभीत है। जिलाध्यक्ष ने बताया डीजीपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। राजेश सिंह राठौर, अजय दुबे, रामशंकर लोवंशी, कीर्ति मिश्रा, सीमा श्रीवास सहित अन्य लोग शामिल थे। इसी तरह भारतीय वाल्मीकि समाज ने नपा कर्मचारी से पार्षद मुन्ना ग्वाला द्वारा अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
सुरेंद्र सिंह, डीजीपी
आंकड़े पुलिस की वेबसाइट से वहीं मामले जो दर्ज किए गए है। इनमें छुटपुट शामिल नहीं है
होशंगाबाद के अपराध
वर्ष अपराध
2012 3298
2013 3630
2014 4870
2015 4697