रोजगार सहायकों को मिला सरपंच संघ का समर्थन
सात दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन वीर तेजाजी चौक पर बड़ी संख्या में रोजगार सहायक शामिल हुए। हड़ताल के दूसरे दिन रोजगार सहायकों को खिरकिया सरपंच संघ का समर्थन मिला। मनरेगा अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक संगठन के जिलाध्यक्ष मनीष विश्नोई ने बताया दो मांगों को लेकर सात दिवसीय हड़ताल की जा रही है। दूसरे दिन मंगलवार को जिले भर से 170 कर्मचारी हड़ताल में शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा धमकी दी जा रही है कि हड़ताल वाले कर्मचारियों की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। मंगलवार दोपहर को हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के समर्थन में सरपंच संघ खिरकिया के पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। सरपंच संघ ने मनरेगा अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक संगठन की मांगों को समर्थन दिया है। उन्होंने बताया बुधवार को मांगों को लेकर विधायक को ज्ञापन दिया जाएगा।
हरदा। दो सूत्रीय मांगों को लेकर रोजगार सहायकों ने तेजाजी चौक पर हड़ताल शुरू की।