मुंबई घूमने के लिए घर से भागे थे दोनों छात्र
शनिवार रात को घर से बिना बताए दो छात्र भाग गए थे। मंगलवार को जब पुलिस ने पूछताछ की तो खुलासा हुआ वे दोनों फिल्मों में मुंबई की चकाचौंध भरे माहौल को देखकर मुंबई देखने के लिए घर से भागे थे। दोनाें ट्रेन से मुंबई गए। इसके बाद अगले दिन घर के लिए रवाना हुए, लेकिन ट्रेन में नींद आने के कारण दोनों छात्र हरदा में उतरने के बजाए भोपाल चले गए। शहर के नेहरू स्टेडियम के पास गली नंबर 1 में रहने वाला निखिल पिता यशवंत राजपूत और चौबे कॉलोनी निवासी प्रद्युम्न पिता आरके पुनासे शनिवार रात को अचानक घर से गायब हो गए थे। इसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत की थी। मामले में दोनाें छात्रों को मंगलवार को परिजन शहर लेकर आए। जहां पुलिस ने बयान लेने के बाद छात्रों को परिवार के हवाले कर दिया। एसआई लोकेश भदौरिया ने बताया छात्रों से पूछताछ हो गई है। अब उन्हें बयान के लिए एक से दो दिनों में कोर्ट में पेश किया जाएगा।