जलगांव में मिल रही थी लोकेशन भोपाल में मिले दोनों लापता छात्र
शनिवार की रात को घर से बिना कुछ बताए गायब हुए दोनों लापता छात्रों के सोमवार को भोपाल में मिलने की खबर है। पुलिस टीम हरदा से इन छात्रों को लाने के लिए भोपाल रवाना हुई है, जो मंगलवार सुबह तक हरदा लौटेगी। नेहरु स्टेडियम के पास एक नंबर गली में रहने वाला निखिल पिता यशवंत राजपूत और चौबे कालोनी निवासी प्रद्युम्न पिता आरके पुनासे शनिवार को अचानक बिना कुछ बताए कहीं चले गए। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया लेकिन मोबाइल बंद थे। परिजनों ने यहां वहां तलाश की, कोई पता नहीं चला। तब उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि रविवार को उनके मोबाइल की लोकेशन जलगांव महाराष्ट्र की मिल रही थी। लेकिन सोमवार को उनके भोपाल में मिलने की खबर मिली। एडिशनल एसपी किरणलता केरकट्टा ने दोनों छात्रों के भोपाल में मिलने की पुष्टि करते हुए कहा पुलिस टीम को उन्हें लेने भेजा है। उनकी वापसी के बाद ही उनके अचानक घर से जाने या अपहरण के बारे में सच्चाई पता चल सकेगी।