परिषद पर भेदभाव का आरोप, उप संचालक से शिकायत
परिषद पर भेदभाव का आरोप, उप संचालक से शिकायत
भास्कर संवाददाता | हरदा
अखिल भारतीय भ्रष्टाचार उन्मूलन संगठन के जिलाध्यक्ष विजय बजाज ने नगरपालिका परिषद पर सड़क निर्माण में भेदभाव का आरोप लगाते हुए नगरीय प्रशासन विभाग के उप संचालक से लिखित शिकायत की है। बजाज ने आरोप लगाया नगरीय क्षेत्र में स्थित बाहेती कॉॅलोनी में नपा परिषद द्वारा 12 में से केवल एक रोड़ पर ही सीमेंट कांक्रीट की निविदा आमंत्रित कर भेदभाव पूर्ण कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया जिस सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकाला है वहां रसूखदार व संभ्रांत परिवार के लोग रहते हैं। जबकि कालोनी में 12 अन्य रोड भी है। ये सड़कें पूर्व में डामर से बनी थी, लेकिन अब दयनीय हालत में है। उन्होंने मार्ग का निर्माण के लिए चयन का आधार पूछते हुए जांच की मांग की है। इधर नपाध्यक्ष साधना जैन ने बताया करीब 4 साल पहले बाहेती कॉलोनी जब नपा के हैंडओवर हुई थी। तब कॉलोनाइजर ने नपा में विकास शुल्क जमा कराया था। जिससे डामर रोड बनाए थे।
उन्होंने बताया डामर की रोड को फिर से बनाने के लिए कम से कम 7 साल का समय अंतराल चाहिए होता है। जिस रोड का निर्माण होना है वह पहली बार बन रही है। वे बोली बिना भेदभाव शहर की हर कालोनी में नागरिकों की मांग व जरूरत के अनुसार विकास व निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।