पेंशन के लिए भाई ने कैद की महिला की काउंसलिंग होगी
तीन दिन पहले सेंट मेरी स्कूल के पास अपने भाई द्वारा करीब दो साल से महज पेंशन के लिए घर में कैद महिला संजू बाई की अब पुलिस डॉक्टरों से काउंसलिंग कराएगी। इसके बाद उसे बेहतर जीवन यापन के लिए मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। एडिशनल एसपी किरणलता केरकट्टा ने बताया शनिवार को इटारसी से गुमनाम पत्र आया था। जिसमें इस बारे में लिखा था। तस्दीक करने पर सूचना सही पाई। फिर रेस्क्यू कर महिला को वहां से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया अब उसके आगे के बेहतर जीवन व सुरक्षित रहवास के लिए काउंसलिंग कराएंगे। फिर निर्णय लिया जाएगा। मामले में आरोपी बनाए गए संजू बाई के भाई मुकेश तथा रीना व मीरा को जमानत मिल गई है।