हड़ताल में 150 कर्मचारी शामिल पहले दिन ही कई काम प्रभावित
दो मांगों को लेकर रोजगार सहायकों ने हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले दिन जिले भर के रोजगार सहायक और कर्मचारी शामिल हुए। जिसके कारण पंचायतों के कार्य प्रभावित हुए। सात दिन में मांगों का निराकरण नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल किए जाने की चेतावनी दी है। नवीन संविदा नीति 2015 के विरोध और नियमितीकरण की मांग को लेकर मनरेगा कर्मचारी और रोजगार सहायकों ने सोमवार से सात दिवसीय कलमबंद हड़ताल शुरु कर दी है। पहले दिन हड़ताल में जिले भर से करीब डेढ़ सौ कर्मचारी शामिल हुए। कर्मचारी दोपहर 12 से शाम पांच बजे तक हड़ताल पर बैठे रहे। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई। हड़ताल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत समस्त मनरेगा अधिकारी और ऑपरेटर ने हिस्सा लिया। तेजाजी चौक पर शुरू की हड़ताल के दौरान पहले दिन सभी ने समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया। सात दिवसीय प्रदर्शन 14 फरवरी तक चलेगा। कर्मचारियों ने बताया लंबे समय से नियमितिकरण की मांग की जा रही है। इस संबंध में पूर्व में भी प्रदर्शन किया गया था लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
ये काम हुए प्रभावित
मनरेगा कर्मियों के हड़ताल पर चले जाने के कारण ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत किए जाने वाले कार्य प्रभावित होने लगे हैं। पंचायत से ई पेमेंट, मस्टर रोल जारी करना, इंदिरा आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, पंच परमेश्वर के कार्य, समग्र आईडी, स्वच्छता अभियान, ऑपरेशन मलयुद्ध सहित अन्य कार्य प्रभावित हुए।
220 कर्मचारी है कार्यरत
जिले में मनरेगा के तहत 220 कर्मचारी कार्यरत है। इनमें 195 रोजगार सहायक और 25 जिला पंचायत और जनपद पंचायत के मनरेगा के अधिकारी और कर्मचारी शामिल है। संगठन ने बताया सात दिवसीय हड़ताल शुरु किए जाने के दौरान कर्मचारियों ने सामूहिक अवकाश लिया है। इस संबंध में जिला पंचायत सीईओ अवकाश के लिए आवेदन भी दिया है।
23 से अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे
दो सूत्रीय मांगों को लेकर सात दिवसीय हड़ताल वीर तेजाजी चौक पर शुरू की गई है। पहले दिन 150 कर्मचारी शामिल हुए है। सामूहिक अवकाश को लेकर जिला पंचायत सीईओ को आवेदन दिया है। मांगें पूरी नहीं होने पर 23 फरवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। मनीष विश्नोई, जिलाध्यक्ष, मनरेगा अधिकारी, कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक संगठन
दो सूत्रीय मांगों को लेकर रोजगार सहायकों ने सोमवार से तेजाजी चौक पर हड़ताल शुरु की।