आज बंद रहेंगी जिले में खाद, बीज की दुकानें
केंद्र सरकार के फैसले के विरोध विक्रेता रखेंगे बंद
तहसील स्तर पर दिया जाएगा ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | हरदा
केंद्र सरकार के फैसले से खाद और कीटनाशक विक्रेता संकट में आ गए हैं। सरकार ने लाइसेंस के लिए डिग्री और डिप्लोमा जरूरी कर दिया है। फैसले के विरोध में जिले के खाद और कीटनाशक विक्रेता मंगलवार को जिलेभर में दुकानें बंद रखकर विरोध की शुरुआत करेंगे। इस दौरान तहसील स्तर पर प्रधानमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के नाम ज्ञापन भी दिया जाएगा।
केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने खाद, कीटनाशक और बीज विक्रेताओं को व्यवसाय के लिए कृषि स्नातक डिग्री या डिप्लोमा अनिवार्य कर दिया है। आदेश का राज पत्रों में प्रकाशन किया है। जिससे सालों से खाद, बीज और कीटनाशक का व्यवसाय कर रहे विक्रेताओं की परेशानी बढ़ गई है। राजपत्र के मुताबिक मौजूदा व्यापारी ने दो साल में डिग्री नहीं ली तो लाइसेंस निरस्त होंगे। फैसले के विरोध में लामबंद होकर आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं। हरदा जिला खाद, बीज और दवाई विक्रेता संघ के जिलाध्यक्ष विजय टाडा ने बताया केंद्र सरकार ने खाद, बीज और कीटनाशक दवाई का व्यवसाय करने के लिए कृषि स्नातक डिग्री और डिप्लोमा अनिवार्य कर दिया है। इसके विरोध में प्रदेश स्तरीय बंद रखा जाएगा। विरोध में जिले की सभी 280 दुकानें बंद रखी जाएगी।