केवि में 11 वीं कक्षा के लिए एडीएम से मिला पालक संघ, 5 कमरों की मांग की
भवन उपलब्ध नहीं, बच्चों को होना पड़ेगा परेशान
भास्कर संवाददाता | हरदा
केंद्रीय विद्यालय पालक संघ के सदस्य गुरुवार को केवि में नए सत्र से 11 वीं के संचालन की मांग को लेकर एडीएम गणेश शंकर मिश्रा से मिले। संघ के सचिव गणेश दवे ने बताया केवि में कक्षा 10 वीं की मार्च हो जाएगी। इसके बाद छात्र-छात्राओं को 11 वीं में अध्ययन के लिए 5 नए कमरों की आवश्यकता होगी। अभी विद्यालय शासकीय काशीबाई कन्या शाला में चल रहा है। वहां 11 वीं के सुचारू संचालन को देखते हुए भवन उपलब्ध नहीं है। ऐसे में छात्रों को परेशान होना पड़ेगा। वहीं नया भवन बनने में भी समय लगेगा। इसे देखते हुए छात्रों के हित में नई व्यवस्था हो।
पालकों ने बताया ऐसी ही स्थिति इन छात्रों के 9 वीं में आने पर हुई थी, तब केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी के हस्तक्षेप के बाद कक्षा 9 वीं के छात्रों को प्रवेश मिला था। अब एक बार फिर से ऐसी ही स्थिति बन रही है। समस्या के निराकरण के लिए नई व्यवस्था जरूरी है। ज्ञापन सौंपते समय रामकृष्ण गोस्वामी, डाॅ. पंकज दुबे, डॉ. सत्यनारायण बांके, समेत अन्य पालक मौजूद थे।
मांगों को लेकर एडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए।