रोजगार सहायक बोले: सेवा समाप्ति की धमकी मिल रही
सुंदरकांड का पाठ कर जताया विरोध, आज करेंगे सद्बुद्धि यज्ञ
भास्कर संवाददाता | हरदा
रोजगार सहायकों द्वारा की जा रही सात दिनी हड़ताल के चौथे दिन रोजगार सहायकों ने कहा हड़ताल से प्रदेश की प्रोग्रेस रिपोर्ट जीरो हो गई है। इस कारण अधिकारियों से उन्हें सेवा समाप्ति की धमकी मिल रही है। शासन के अधिकारी कर्मचारियों के हौसलों को तोड़ने की कोशिश में है लेकिन जब तक मांगों की पूर्ति नहीं होगी, हड़ताल जारी रहेगी। यह बात मनरेगा अधिकारी कर्मचारी एवं ग्राम रोजगार सहायक संगठन जिलाध्यक्ष मनीष विश्नोई ने कही। उन्होंने कहा हड़ताल के चौथे दिन गुरुवार को रोजगार सहायकों ने सुंदरकांड का पाठ किया। पाठ दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक किया गया। इस दौरान करीब 200 कर्मचारियों ने भाग लिया। तेजाजी चौक पर चल रहे धरना स्थल पर पहले तो कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए जमकर नारेबाजी की। इसके बाद सुंदरकांड का पाठ और भजन भी किए। इतना ही शुक्रवार को सरकार के द्वारा किए जा रहे व्यवहार के विरोध में सद्बुद्धि यज्ञ किया जाएगा।
विरोध दर्ज कराते रोजगार सहायक।