सूख रही गेहूं की बालियां सर्वे कराकर राहत दें
भारतीय किसान संघ की मासिक बैठक गुरुवार को मंडी के विश्राम गृह में हुई। इसमें सदस्यों ने खेतों में सूख रही गेहूं की बालियों का सर्वे कराकर राहत देने की मांग की। इस दौरान सदस्यों ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा।
अध्यक्ष राजनारायण गौर ने बताया किसानों के सामने ज्वलंत समस्याएं है। सदस्यों ने तहसीलदार वैद्यनाथ वासनिक को दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में वर्तमान में गेहूं की बालियां सूखने, सर्वे कराकर किसानों को क्षतिपूर्ति एवं बीमारी से बचाने के लिए वैज्ञानिक किसानों को सलाह देने, जिन सहकारी समितियों में गांवों की संख्या अधिक है, वहां अतिरिक्त उपकेंद्र खोलने, सोयाबीन की बीमा राशि शीघ्र दिलाने, मूंग के लिए नहरों में पानी देने, गेहूं खरीदी की तैयारियां समय से पूर्व करने, मोरंड नहर परियोजना को शुरू करने सहित अन्य मांगे रखी है। बैठक में ब्रजमोहन राठौर, रामकृष्ण मुकाती, सुनील बांके समेत अन्य सदस्य मौजूद थे।