महिला को बचाने में पलटी कार
घटना में तीन घायल
घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल में किया रैफर
भा.सवां.| हरदा/खिरकिया
पोखरनी-धनौरा के बीच महिला को बचाने में अनियंत्रित होकर एक कार पलट गई। कार में तीन लोग सवार थे। चोट आने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिरकिया ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद तीनों घायलों को दोपहर में जिला अस्पताल में भर्ती किया। जानकारी के मुताबिक आमासेल गांव निवासी अमरदास पिता हरिभजन, बनवारी पिता रणछोड़ और रूपराम पिता परशराम शनिवार को कार में सवार होकर शादी समारोह में शामिल होने दगड़खेड़ी जा रहे थे। खंडवा स्टेट हाईवे पर पोखरनी, धनौरा के बीच सड़क पर अचानक एक महिला के सामने आ गई। जिसे बचाने में कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही कुछ देर बाद मौके पर 108 एंबुलेंस पहुुंची। तीनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिरकिया लेकर आए। यहां से प्राथमिक इलाज के बाद तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में रैफर किया है। घटना में तीनों लोगों को हाथ, पैर में मामूली चोटें आईं हैं।
विधायक की मदद से समय पर मिला इलाज
बुरहानपुर जिले के नेपानगर विधायक राजेंद्र दादू की मदद से घायल व्यक्ति को समय पर इलाज मिल गया। घटना के दौरान विधायक अपने वाहन से हरदा से खंडवा जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें लोगों की भीड़ दिखाई दी। वे तत्काल मदद के लिए आगे आए और दुर्घटना में घायल हुए बनवारीलाल को अपने वाहन में बैठाकर खिरकिया अस्पताल लेकर रवाना हुए।