कंप्यूटर बाबा शहर में घूमे, मांगी भिक्षा
संत समाज की उपेक्षा का विरोध किया, बाजार में लोगों ने दिया सहयोग और समर्थन
विरोध
प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा की जा रही संत समाज की उपेक्षा, हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को पहुंचाई जा रही ठेस और सिंहस्थ की तैयारियों में हो रही अव्यवस्था समेत नालों से क्षिप्रा नदी को मुक्त करने की मांग को लेकर कंप्यूटर बाबा ने बाजार में भिक्षा मांगी। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कंप्यूटर बाबा अपने अनुयायियों व समर्थकों के साथ मुख्य बाजार घंटाघर चौक पहुंचे। यहां पर विभिन्न संगठनों व उनकी अनुषांगिक इकाई के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। प्रदेश सरकार की कथनी व करने के अंतर को लेकर यहां वक्ताओं ने मंच से भाजपा को आड़े हाथों लिया। इसके बाद गाजे बाजों के साथ कंप्यूटर बाबा कपड़ा, सराफा, बर्तन व पटवा बाजार में पहुंचे। उनके हाथ में सहयोग राशि जुटाने के लिए दान पात्र था। व्यापारियों व अन्य लोगों ने अपनी स्वेच्छानुसार सहयोग राशि दान पेटी भी डाली। इस दौरान नरसिंह दास, योगेंद्र महंत, प्रहलाद दास, राघवदास, रामजीदास त्यागी, रविश त्यागी, आइके पाराशर आदि मौजूद रहे।
बाजार क्षेत्र से सहयोग राशि मांगते कंप्यूटर बाबा।