वसंत पंचमी पर ज्वाला देवी मंदिर में उमड़े सैकड़ों भक्त
कलेक्टोरेट के पास शर्मा कॉलोनी में स्थित मां ज्वाला देवी के मंदिर में पिछले चार दिनों से चल रहे धार्मिक अनुष्ठानों का शनिवार को हवन-पूजन और भंडारे के साथ समापन हुआ। इसमें शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र के सैकड़ों देवी भक्तों ने शामिल होकर मंदिर में माथा टेका और प्रसादी ग्रहण की। मंदिर समिति से जुड़े रतिलाल मालवीय ने बताया कि मंदिर की स्थापना चार साल पहले हुई। इसमें हिमाचल प्रदेश से ज्वाला देवी की ज्योत लाकर रखी गई है। मंदिर में बसंत पंचमी उत्सव हर साल धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाता है। इस दौरान अनेक धार्मिक अनुष्ठान किए जाते है। इस साल कार्यक्रमों का सिलसिला 10 फरवरी से शुरु हुआ। इसका समापन शनिवार को हुआ। सुबह 5 बजे हवन-पूजन और मां का अभिषेक हुआ। फिर मां की गोद भराई का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद महाआरती हुई। दोपहर 12 बजे से देर शाम तक कन्याभोज और प्रसादी वितरण का कार्यक्रम चला। जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए।
स्कूल में हुआ सरस्वती पूजन
करताना| गायत्री विद्या मंदिर स्कूल में वसंत पंचमी के मौके पर बच्चों ने मां सरस्वती का पूजन किया। इस दौरान स्कूल संचालक योगेंद्र सिंह मौर्य, मानसिंह यदुवंशी, संदीप दुबे सहित अन्य शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।
शिशु मंदिर में वसंत पंचमी उत्सव मनाया
खिरकिया| सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को बसंत पंचमी उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था के पूर्व अभिभावक रामकिशन भाटी, व्यवस्थापक आनंद सोनी एवं कोषाध्यक्ष सुधीर सोनी विशेष रूप से उपस्थित थे।
इस दौरान एक यज्ञ का भी आयोजन किया गया। जिसमें अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं ने आहुतियां दी। कार्यक्रम में छात्र-छात्राएं और स्कूल स्टॉफ मौजूद था।
स्कूल में वसंत पंचमी से किया विद्यारंभ
सोडलपुर| ग्राम के सरस्वती शिशु मंदिर में शनिवार को वसंत पंचमी उत्सव मनाया। इस दौरान मां सरस्वती की पूजा अर्चना के साथ ही नव प्रवेशी छात्र-छात्राओं ने ऊं लिखकर विद्यारंभ संस्कार किया।
वसंत पंचमी पर बच्चों ने श्लोक गाकर किया पूजन
हरदा| शनिवार को वसंत पंचमी का आयोजन संस्कार विद्यापीठ में किया। इस अवसर पर बच्चों ने सरस्वती वंदना की। श्लोक का गायन किया। कार्यक्रम में बच्ची ने मां सरस्वती का रूप धारण किया और बच्चों और शिक्षकों ने उनका पूजन किया। इस दौरान शाला प्रबंधक नटवर पटेल, नवनीत पटेल, प्राचार्य एसपी भदोरिया, समन्वयक बीके शर्मा समेत छात्र मौजूद थे।
अभाविप ने मनाई वसंत पंचमी
हरदा| शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में शनिवार को वसंत पंचमी मनाई गई। काॅलेज प्रबंधन, स्टॉफ के सदस्यों समेत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों और सदस्यों ने ज्ञान की देवी सरस्वती का पूजन कर उनकी आराधना की। इस मौके पर प्राचार्य विजय अग्रवाल ने कहा इस दिन से ऋतु के राजा वसंत का आगमन होता है। प्रकृति में उल्लास व उमंग का अलग ही हर्षित वातावरण महसूस हाेने लगता है। उन्होंने कहा इनसान के जीवन में उतार चढ़ाव आते जाते रहते हैं, ऐसे में हमेशा एक जैसा व्यवहार रखना चाहिए। सुख व दुख में ज्यादा अंतर महसूस नहीं होता है। कार्यक्रम में सुनील सेंगवा, गौतम शर्मा, भूपेंद्र तोमर, पंकज, अंकित, नितिन, धीरज, मनीष, योगेश ,शशांक आदि मौजूद रहे।
------------------------