किसान संघ ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा
हटा | भारतीयकिसान संघ के द्वारा सोमवार काे किसानों की समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि उड़द का बीज बांझ निकला। फसल पीली पड़ गई, दाना आया ही नहीं है। पंजीकृत उप पंजीकृत कार्यालय में किसान क्रेडिट कार्ड बंधक के लिए जो फीस बढ़ाई गई है, उसे वापस किया जाए। ज्ञापन में इस बात का उल्लेख किया गया कि किसानों को लागत के आधार पर लाभकारी मूल्य दिया जाए। कृषि उत्पादों को लाभकारी मूल्य पर खरीदने की व्यवस्था की जाए।
किसानों के लाभकारी मूल्यों के लिए स्वामी नाथन कमीशन की 50 प्रतिशत लाभांश के साथ लाभकारी मूल्य की सिफारिश से लागू हो। विकास के नाम पर खेती भूमि का अधिग्रहण रोका जाए। ज्ञापन देते समय संघ के अध्यक्ष चंद्रभान पटेल, मुकेश पटेल, राजकुमार पटेल, जमना पटेल, राजेश पटेल मौजूद रहे। सभी किसानों ने फसल बीमा की राशि की भी मांग की है।