- Hindi News
- मेडिकल उपकरणों में 100 फीसदी एफडीआई को मंजूरी देने की तैयारी
मेडिकल उपकरणों में 100 फीसदी एफडीआई को मंजूरी देने की तैयारी
नई दिल्ली | सरकारने मेडिकल उपकरणों में 100 फीसदी प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) को मंजूरी देने की तैयारी कर ली है। यानी, अब देश में बनने वाले मेडिकल उपकरणों के लिए पूरा विदेशी निवेश हो सकेगा। कैबिनेट इससे जुड़े प्रस्ताव को गुरुवार को मंजूरी दे सकती है। स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्र का कहना है, ‘ऐसा होने से अस्पतालों और डायग्नोसिस सेंटरों की लागत कम होगी। इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। इलाज का खर्च 10-20 फीसदी तक कम हो सकता है।’ सूत्र के अनुसार कैबिनेट सचिवालय की ओर से इस प्रस्ताव से संबंधित नोट वितरित किया गया है। कैबिनेट की हरी झंडी के बाद इसे संसद में लाया जाएगा। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि फिलहाल देश में इस्तेमाल होने वाले 70 प्रतिशत मेडिकल उपकरण आयात किए जाते हैं।
अभी मेडिकल उपकरणों के मामले फार्मा सेक्टर के तहत आते हैं। इस वजह से विदेशी निवेश के लिए फॉरेन इन्वेस्टमेंट प्रमोशन बोर्ड (एफआईपीबी) की अनुमति लेना अनिवार्य है। नए प्रस्ताव में मेडिकल उपकरणों के निर्माण के लिए इस बाधा को हटाया गया है। देश में मेडिकल उपकरणों का लगभग 38,984 करोड़ रुपए का बाजार है।