- Hindi News
- समूह के अध्यक्ष के खिलाफ सदस्यों ने की शिकायत
समूह के अध्यक्ष के खिलाफ सदस्यों ने की शिकायत
ग्राममगदूपुरा के लक्ष्मी स्वसहायता समूह के सदस्यों ने मंगलवार को एसडीएम एवं सीईओ जनपद पंचायत को लिखित आवेदन देकर समूह की अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष के द्वारा की जा रही मनमानी एवं अनियमितताओं की जांच कर अध्यक्ष को हटाने की मांग की है।
समूह के सदस्यों ने आवेदन में उल्लेख किया है कि लक्ष्मी स्वसहायता समूह की अध्यक्ष बेबीबाई पति केशव पटेल एवं कोषाध्यक्ष ललता बाई पति रमेश रजक के द्वारा कभी मासिक बैठक नहीं बुलाई जाती फर्जी बैठक दर्शाकर मध्यान्ह भोजन एवं सांझा चूल्हा की राशि आहरण की गई है तथा फर्जी बिल बाउचर लगाकर राशि गोलमाल की गई है।
इसके अलावा सदस्यों के द्वारा हिसाब मांगने पर समूह से अलग करने की धमकी दी जाती है। जिसकी शिकायत सभी सदस्यों ने 26 अगस्त को भी की थी जिसकी जांच तो कराई गई थी लेकिन अभी तक किसी भी प्रकार की कार्यवाही नहीं की गई।
समूह की सभी सदस्यों ने अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष के द्वारा किए जा रहे फर्जीबाड़े की जांच कर दोनों को समूह से पृथक करने का निवेदन किया है। आवेदन देने वालों में त्रिवेणी बाई, रूपा बाई, कल्लो बाई, रामकली, दीपरानी, सुकरती बाई के साथ अन्य सदस्यों के नाम शामिल हैं।