जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य करें
विभिन्न गांवों में कार्य कर रही ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्यों की संवाद बैठक स्थानीय पत्रकार भवन में हुई। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित इस बैठक परिषद की ब्लाक समन्वयक पुष्पा सिंह ने सभी समितियों प्रतिनिधियों से कहा कि इस वर्ष बहुत कम बरसात हुई है, आने वाले समय में पानी का संकट गांवों में गहरा सकता है, जल संरक्षण के लिए अभी से प्रयास करने होंगे। गांव के आस पास जिन नदी नालो में अभी पानी का बहाव है। वहां बोरी बंधान करके पानी को रोकने का प्रयास करें। घरों के पानी को भूसतह में भेजने के लिए भी कार्य करे तो पानी के संभावित संकट से बचा जा सकता है।
बैठक में मनरेगा के एपीओ द्वारा पटेल ने मनरेगा के लिए अगामी वर्ष के लिए जो कार्य योजना तैयार की जाना है। उसमें अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता बढ़ाने की बात करते हुए कहा कि अब गांव में उपलब्ध संसाधनों एवं गांव के आवश्यकता के अनुसार की गांव के विकास कार्य किए जाएंगे। इसके लिए विशेष ग्रामसभाएं होगी। जिनके माध्यम से सामाजिक मानचित्र, संसाधन मानचित्र, मौसमी नक्शा तैयार होगा। सभी मिलकर ऐसी योजनाएं बनाएंगे कि अधिक से अधिक लोगों को रोजगार मिल सके। बैठक में दादपुर, बरखेरा चैन, कौशलपुर, हिनौता कला, पांजी, तेवरईया, रसीलपुर, सेमरा, हरदुआपंचम, कनकपुरा, धूमा, करैया जोशी, भैंसा के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नवांकुर संस्थाओं से पुष्पेंद्र पांडे, सुनील सेन, संतोष दहायत मौजूद रहे।