रोक के बाद भी भारी वाहनों का आना-जाना
नगरके मुख्य मार्गों पर आज भी जाम लग रहा है। प्रशासन द्वारा बस स्टैंड से मंदिर मस्जिद चौराहा, एमएलबी स्कूल होते हुए अंधियारा बगीचा जाने वाले सभी भारी वाहनों को पूर्णतः प्रतिबंध कर दिया है। इसके बावजूद भी जाम लगने की समस्या कम नहीं हुई है। सर्वाधिक चलने वाले इस मार्ग पर अब व्यापारियों द्वारा अपनी सामग्री ओर भी आगे रखी जाने लगी है। सारे दिन के लिए दोपहिया एवं छोटे वाहनों को खड़ा कर दिया जाता है। इसी मार्ग पर हाथ ठेला वाले दुकानदार अपनी दुकानें लगाएं रहते हैं। जिसके कारण आए दिन छुटपुट घटनाएं घटित होती रहती है। यही हाल बाजार से बजरिया मार्ग एवं मंदिर मस्जिद चौराहा से राय चौराहा, तीनबत्ती तिराहा, अग्रवाल पेट्रोल पंप मार्ग का है। मुख्यमार्गो पर बढ़ रहे अतिक्रमण के कारण दिनोंदिन मार्ग संर्कीण होते जा रहे हैं।
सड़कों पर फैली दुकानों की सामग्री एवं निर्माण सामग्री आने जाने वालों केा व्यवधान पैदा कर रही है। इसी कारण को लेकर कभी कभी तो विवाद की स्थिति भी बन जाती है। स्कूल के समय तो यहां ट्राफिक ओर भी बढ़ जाता है। आकस्मिक सेवा वाहन एवं अधिकारियों के वाहन भी इस ट्राफिक में फस जाते हैं। मोनू अग्रवाल, पप्पू खान, राजेश पटेल, शिव प्रसाद, प्रदीप चौधरी ने प्रशासन से नगर में बार बार लग रहे जाम की समस्या का स्थाई हल निकालने की मांग की है।