75 प्रतिशत नल जल योजनाएं बंद पड़ी
हटा.विधानसभा केशीतकालीन सत्र में क्षेत्रीय विधायक उमादेवी खटीक ने भी विधानसभा में कुल दस प्रश्न रखे। जिसमें 6 प्रश्नों पर बहस भी हुई। अपने प्रश्नों में विधायक ने नगर की जल आवर्धन योजना को अविलंब चालू करने की बात कही। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के द्वारा कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों की जांच की मांग भी विधायक ने अपने प्रश्न में कही। वहीं मनरेगा में मजदूरों को अप्रेल से मजदूरी मिलने एवं पंचायतों के द्वारा सामग्री के बिलों का भुगतान होने का प्रश्न रखा। इसमें करीब साढ़े छह करोड़ रुपए का भुगतान शेष है। आदिम जाति कल्याण विभाग के द्वारा वर्ष 2012 से 2014 तक कराए गए विभिन्न कार्यों की जांच के लिए प्रश्न विधानसभा में रखा गया। मुख्यमंत्री के द्वारा विगत छह वर्ष में अपने हटा क्षेत्र में प्रवास के दौरान जो जो घोषणाओं की गई थीं उन्हें तत्काल पूरा करने का प्रश्न भी उठाया गया था। विधानसभा क्षेत्र में 75 प्रतिशत नल जल योजनाएं बंद होने की जानकारी विधानसभा में विधायक के द्वारा दी गई। विधायक उमादेवी खटीक ने बताया कि सभी प्रश्नों पर विधानसभा में बहस भी हुई। विधानसभा अध्यक्ष सीताशरण शर्मा एवं संबंधित विभागों के मंत्रियों द्वारा सदन के माध्यम से कार्यवाही के लिए आश्वस्त किया गया।