पशु चिकित्सक नहीं मिलने से पशु पालक परेशान
क्षेत्र में पशु चिकित्सक द्वारा की जा रही अनियमितताओं की कारण पशु पालक परेशान हैं। लोगों का कहना है कि मड़ियादो पशु अस्पताल में पदस्थ डाक्टर को वह पहचानते भी नहीं है, कि यहां कौन हैं और वह कब आते हैं। अस्पताल में अक्सर ताला डला रहता है जिस से बीमार पशुओं का इलाज संभव नहीं हो पाता और मवेशियों की इलाज के अभाव में मौत हो जाती है। बरधा गांव निवासी रतन यादव, दयाराम यादव ने बताया कि वह भैंस बीमार होने के कारण मड़ियादो पशु औषधालय आए थे। जब औषधालय में ताला लगा मिला तो इस बात की सूचना खंड पशु चिकित्सा अधिकारी को दी। उनका कहना था कि वहीं कहीं होंगे, देख लों, अगर वहां नहीं मिल रहे हो तो हटा आकर दवाई ले लो। ग्रामीणों ने बताया कि वह बीस किमी बर्धा गांव से मड़ियादो भैस का इलाज कराने आया था यहां शिकायत की तो डां. बीके असाटी हटा आकर दवा ले जाने की बात करते हैं। ऐसे में पशु पालक परेशान होते हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से इस ओर ध्यान देने की मांग की है।