पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • टैंकर आते ही लगती है पानी भरने की होड़

टैंकर आते ही लगती है पानी भरने की होड़

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जल संकट की समस्या से परेशान वार्डवासी, नगर पालिका नहीं दे रही काेई ध्यान

रजनीश पलया | हटा

सुनार नदी के तट पर बसे नगर हटा में भले ही नल कनेक्शन के माध्यम से घरों में जल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, लेकिन नगर में कुछ वार्ड अभी भी नल कनेक्शन की सुविधा न होने से जल संकट जैसी समस्या से जूझ रहे हैं। हालात यह है कि जब वार्डों में नगर पालिका का टैंकर आता है, तो लोगों में पानी भरने के लिए मारामारी शुरू हो जाती है। दरअसल नगर के गांधी वार्ड एवं नवोदय वार्ड के करीब पांच हजार लोग लंबे समय से जल संकट की समस्या परेशान हैं। वार्डवासियों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतों के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक पेयजल संकट से निपटने के लिए स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। यही वजह है कि इन वार्डों के लोग बारह माह पानी के लिए परेशान रहते हैं।

इस वर्ष अल्प वर्षा के चलते आगामी महीनों में पड़ने वाली भीषण गर्मी में अभी से लोगों को चिंता सता रही है, कि अप्रैल मई में क्या होगा। गांधी वार्ड के फिरोज खान, पूरन अहिरवार, दम्मू, गिरजा, लता अहिरवार, जमुना बाई आदि ने बताया कि उनके वार्ड में कई साल से जलसंकट की समस्या है। ठंड के मौसम में भी लोगों को पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ता है। जब भी नगर पालिका का टैंकर आता है तो पानी के लिए मारामारी शुरू हो जाती है। कई बार पानी भरने पर लड़ाई झगड़े हो जाते हैं। आगामी महीनों में यह समस्या और गंभीर हो जाएगी।

नगर के आठ हैंडपंप

बने शोपीस
पानी के लिए परेशान गांधी वार्ड एवं नवोदय वार्ड के लोगों ने बताया कि जल स्त्रोत के विकल्प के रूप वार्ड में 8 हैंडपंप हैं। जिनमें मात्र चार हैंडपंप ही चालू है, और बाकी हैंडपंप महीनों से खराब पड़े हैं। चालू हैंडपंप भी गर्मी का मौसम आते ही सिर्फ शोपीस बनकर रह जाते हैं। भूमि का जलस्तर गिर जाने से इनमें पानी की जगह सिर्फ हवा ही बाहर आती है। हालांकि पानी की समस्या से निपटने के लिए लोगों ने अपने घरो में बोर भी करवाया गया है, लेकिन भूमि में जलस्तर की कमी होने के चलते वह भी सफल नहीं हुए और समस्या जस की तस बनी रही।

हमारे वार्ड में भेदभाव
विपक्ष का पार्षद होने के नाते मेरे वार्ड में भेदभाव पूर्ण रवैया अपनाया जाता है। मैने कई बार जल समस्या के निवारण के लिए नगर पालिका सीएमओ एवं अध्यक्ष को सूचित किया है। कौशल्या पति सुम्मेर अहिरवार, पार्षद गांधी वार्ड

टैंकरों से की जा रही सप्लाई

जिन वार्डो में पानी की समस्या है, उनमें टेंकर से पानी सप्लाई किया जा रहा है। आने वाले गर्मी के महीनो में टेंकरो की संख्या बढ़ाकर पानी की समस्या को हल किया जाएगा। रामलाल द्विवेदी, सीएमओ नगर पालिका, हटा

हटा। गांधी वार्ड में पानी का टेंकर आते ही पानी के लिए मारामारी शुरू हो जाती है। टेंकर पर चढ़कर पानी भरते लोग।

खबरें और भी हैं...