सड़क मार्ग पर बह रहा गंदा पानी
नगरके कोरता रोड स्थित शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं एवं ग्रामीणजन सड़क मार्ग पर बह रहे नालियों के गंदे पानी एवं पानी के भराव के कारण सड़क मार्ग पर बने गहरे गड्ढे में हो रही सड़क दुर्घटनाओं से परेशान हैं। स्कूल में अध्ययनरत कई छात्राओं ने बताया कि नगर के श्रीराम चौराहा से प्रधानमंत्री सड़क कोरता मार्ग से स्कूल तक पहुंचने मे काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संकरे सड़क मार्ग पर दिन भर वाहन खड़े रहते है साथ ही सड़क मार्ग पर कचरे के ढेर एवं नालियों का गंदा पानी बहता है। स्कूल की छात्राओं एवं स्थानीय नागरिकों ने सड़क मार्ग पर बह रहे गंदे पानी को रोकने, कचरे के ढेर को हटाने एवं गड्ढे का पुराव कर सड़क मार्ग दुरूस्त करने की मांग की है।