सड़क किनारे से टपरे उठाए, अब रखने जगह नहीं
दुकानदारों की समस्या पर ग्राम पंचायत नहीं दे रही ध्यान
भास्कर संवाददाता | फतेहपुर
मुख्यमंत्री हाट योजना के अंतर्गत बनाए जा रहे बाजार शेड में अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए दुकानदारों ने सड़क किनारे से अपनी दुकानें हटा लीं हैं।
दुकानदार नबीब खान ने बताया कि सभी व्यापारी दुकानें हटाने तैयार हैं लेकिन उन्हें टपरे रखने कहीं जगह नजर नहीं आ रही है। गौरतलब है कि प्राइमरी स्कूल के पास रखे टपरे जहां लोगों ने हटा लिए हैं, वहीं बेरोजगार लोगों के पास दुकानें रखने की समस्या पैदा हो गई। जिसकी पंचायत अनदेखी कर रही है। राजेश ने बताया कि पंचायत यह सुनिश्चित कर दे कि दुकानदार अपनी दुकानें कहां पर रखें लेकिन पंचायत इससे पल्ला झाड़ रही है। जिस जगह से अतिक्रमण हटना है उस जगह देखकर लोगों ने टपरे रखना तथा जगह पर कब्जा करना शुरू कर दिया है। इसी बात को लेकर वाद विवाद की स्थितियां बन रही है। वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि लोगों ने उनकी जगह पर अतिक्रमण कर लिया है, जिसके वह भूमि स्वामी हैं तथा दस्तावेज भी हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने पुलिस चौकी में भी दी है। वहीं मिडिल स्कूल के आसपास भी लोगों ने टपरे रखना शुरू कर दिया है। इस संबंध में नायब तहसीलदार प्रमेश जैन का कहना है कि वह आरआई को भेज कर व्यवस्थाएं बनाएंगे तथा निजी भूमी है तो उसका भी समाधान करवाएंगे।
फतेहपुर। हटा बाजार के पास रखी दुकानों को दुकानदार स्वयं हटा रहे हैं।