पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • एफआईआर, कुर्की करो, मगर वसूली हो: कमिश्नर

एफआईआर, कुर्की करो, मगर वसूली हो: कमिश्नर

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सारनी| नर्मदापुरमसंभाग के कमिश्नर वीके बाथम ने कहा कि ऋणों की वसूली में किसी तरह की कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि संपत्ति कुर्क करो, करदाता पर एफआईआर करो लेकिन हर हाल में कड़ाई से वसूली की जानी चाहिए। कमिश्नर श्री बाथम ने सारनी के अपर रेस्ट हाउस में संभाग के कलेक्टरों और सीईओ की बैठक ली। अधिकारियों को वसूली को लेकर निर्देश दिए।

पॉवर जनरेटिंग कंपनी के अपर रेस्ट हाउस में बुधवार को सुबह 11.30 बजे तय समय पर बैठक शुरू हो गई। कमिश्नर ने सबसे पहले राजस्व अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्हें राजस्व के करों की वसूली समय पर और 100 फीसदी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर एसडीएम के अलावा तहसीलदारों को उन्होंने निर्देशित किया कि वसूली का काम सालभर चलना चाहिए। जहां 50 फीसदी से कम वसूली है वहां के अधिकारियों को आज से ही इस काम में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बैठक खत्म होते ही अधिकारी वसूली में जुट जाएं। बैतूल, होशंगाबाद और हरदा जिले के कलेक्टरों को उन्होंने निर्देशित किया कि निशक्तों के कल्याण के लिए चलने वाली योजनाओं का लाभ उन्हें दिया जाए। उनके लिए परिचय सम्मेलन जैसे आयोजन हो। सभी शासकीय आवासों और इंदिरा आवासों में धुआं रहित चूल्हे लगाए जाएं। तीनों जिलों में गेहूं की पैदावार बहुतायत में होती है।

इसलिए यहां पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की पूरी तैयारी करना चाहिए।

गेहूं का स्टॉक रखने, बारदाने समेत अन्य व्यवस्थाएं की जानी चाहिए। कमिश्नर ने कहा कि कलेक्टरों की जिम्मेदारी है कि वे कार्य करें। बैठक में बैतूल कलेक्टर ज्ञानेश्वर बी. पाटिल, जिला पंचायत सीईओ षणमुख प्रिया मिश्रा, होशंगाबाद कलेक्टर संकेत भोंडवे, हरदा कलेक्टर रजनीश श्रीवास्तव के अलावा तीनों जिले के अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।