नई परिषद 18 जनवरी को लेगी शपथ
नगरपालिकापरिषद का नया कार्यकाल 18 जनवरी से शुरू होगा, तब तक वर्तमान नगरपालिका ही काम करेगी। 17 जनवरी को कार्यकाल पूरा होने के बाद निवृत्तमान नपाध्यक्ष माया नारोलिया अपनी ही पार्टी के नए अध्यक्ष को चार्ज देंगी। वहीं अभी से नपा उपाध्यक्ष बनने की कवायद शुरू हो गई है। अभी प्रमोद सोनी नपा उपाध्यक्ष हैं।
अभी परिषद का कार्यकाल चल रहा है, लेकिन यह परिषद कोई मीटिंग कर निर्णय नहीं करेगी। अब जो भी निर्णय करना होगा वह नई परिषद करेगी। अध्यक्ष जरूर अपने साइन से कर्मचारियों का वेतन भुगतान कर सकते हैं। नई परिषद बनने के साथ ही नपा उपाध्यक्ष बनाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। उपाध्यक्ष भाजपा का ही बनेगा। इसके लिए दो नाम प्रमुख हैं। सबसे पहले सुशीला चौकसे जिनके पास राजनीति का अच्छा अनुभव है। वे पहले भी पार्षद रह चुकी हैं। इस बार वे निर्विरोध पार्षद हैं। इनके अलावा वार्ड 24 से अशोक कुशराम है। पार्षदों में उनकी इस चुनाव में सबसे बड़ी जीत है। पिछले परिषद में भी वे पार्षद रहे हैं। दोनों में से एक का उपाध्यक्ष बनना तय है। इसमें भी श्रीमती चौकसे का उपाध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। यदि राजनीतिक कारण नहीं आए तो कुशराम उपाध्यक्ष बनेंगे।
भास्कर ने कहा तो आज से ही काम शुरू किया
परिणामआने के बाद सोमवार को दैनिक भास्कर ने नए अध्यक्ष के सामने की चुनौतियों को बताते हुए उनसे सोमवार से ही काम में जुट जाने के लिए लेख लिखा था। इस पर अमल करते हुए श्री खंडेलवाल अध्यक्ष बनने के दूसरे दिन ही सीएम शिवराज सिंह चौहान, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से भोपाल मिले। श्री खंडेलवाल ने दोनों से होशंगाबाद में नर्मदा को प्रदूषण से मुक्त करने के लिए बात की। श्री खंडेलवाल के मुताबिक सीएम ने कहा कि 2 से 20 करोड़ रुपए तक भी खर्च हुए तो भी यह काम सबसे पहले किया जाएगा। वर्तमान पीएचई द्वारा चल रही योजना के तहत टेंडर जारी किए गए हैं, जिसके बारे में सीएम ने कहा कि किसी भी तरह से हो यह काम सबसे पहले किया जाएगा।