प्रवेश पत्रों के गलत पते सुधारे
भास्कर
होशंगाबाद| महिलाबाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक पदों के लिए 14 दिसंबर को होने वाली परीक्षा के गलत पते वाले प्रवेशपत्रों में संशोधन किया गया है। 4 परीक्षा केंद्रों के गलत प्रवेशपत्र होने पर उन्हें सुधारा गया है। इसमें से 3 इटारसी और 1 होशंगाबाद का परीक्षा केंद्र है। गौरतलब है कि परीक्षा में शामिल होने वाली महिला परीक्षार्थियों को गलत पते वाले परीक्षा केंद्र के प्रवेशपत्र मिलने पर भास्कर ने 10 दिसंबर को खबर प्रकाशित कर इस गड़बड़ी की ओर ध्यान दिलाया था। इसके बाद परीक्षा प्रभारी अपर कलेक्टर एच.एस.मीना ने प्रवेशपत्रों में सुधार की बात कही थी। शुक्रवार को उन्होंने बताया कि इटारसी के परीक्षा केंद्र शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का पता मालवीयगंज अंकित था। जबकि यह विद्यालय सूरजगंज इटारसी में स्थित है।
वहीं कन्या महाविद्यालय को मालवीय गंज बताया गया था। यह केंद्र इटारसी के न्यास कालोनी बीमा कार्यालय के पास स्थित है। इसी तरह शासकीय एमजीएम महाविद्यालय इटारसी का पता प्रवेश पत्र पर मालवीय गंज लिखा है। यह केंद्र भी न्यास कालोनी इटारसी में है। होशंगाबाद के सेमेरिटंस हायर सेकंडरी स्कूल का पता कोठी बाजार प्रवेश में लिखा है। जबकि यह स्कूल चक्कर रोड मालाखेड़ी में आता है।