पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • पचमढ़ी और सिंगानामा में आधे घंटे गिरे ओले

पचमढ़ी और सिंगानामा में आधे घंटे गिरे ओले

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दिनभर बादल छाए रहने और सर्द हवा के कारण रविवार को मौसम फिर ठंडा हो गया। एक दिन में होशंगाबाद में अधिकतम तापमान में 4.1 पचमढ़ी में 2.5 डिग्री की गिरावट आई है। दोपहर बाद पचमढ़ी और उसके आसपास हिस्से में रुक-रुक कर कुछ समय तेज बारिश हुई और चने के आकार के ओले भी गिरे। मौसम विभाग के मुताबिक वातावरण में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पूर्वी हवा चलने से हुआ है। आने वाले एक-दो दिनों में मौसम ऐसा ही रहने की संभावना है। कम दबाव का क्षेत्र डेवलप होने बादल बने रहने की स्थिति में जिले में बारिश भी हो सकती है।

शनिवार को दिन में तेज धूप थी, जिसके कारण तापमान में 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो गई थी। पचमढ़ी में भी तापमान 3.5 डिग्री उछला था। लेकिन रविवार को मौसम बदल गया। सुबह से ही उत्तर-पूर्वी ठंडी हवा चल रही थी और बादल भी थे। दोपहर बाद अचानक स्थिति बदल गई। तेजी से ठंडी हवा चलने लगी। हिल स्टेशन पचमढ़ी और आसपास के 25- 30 किमी के हिस्से में घने बादल छा गए। दोपहर 3 बजे के करीब महादेव और सिंगानामा में कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई। इस दौरान चने के आकार के ओले भी गिरे। शाम 5 बजे के करीब पचमढ़ी में भी तेज बारिश हुई। यहां भी चने आकार के ओले गिरने के समाचार मिले है। इस हिस्से में हुई बारिश और ओला गिरने से फसलों को हल्का नुकसान भी हुआ है।

इधर, बदलते मौसम के बीच होशंगाबाद में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री से कम होकर 26.4 डिग्री पर पहुंच गया है। यहां न्यूनतम तापमान भी 12.6 डिग्री रिकार्ड किया गया, जो एक दिन पहले 13 डिग्री था। जबकि पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री दर्ज किया गया। इसमें 2.5 डिग्री की गिरावट आई है। न्यूनतम तापमान भी 11.0 डिग्री रिकार्ड किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र के डीएस गौर ने बताया कि हवा उत्तरी हिस्से के उन प्रदेशों से रही है जहां बर्फबारी हो रही है। हवा ठंडी और आर्द्रतायुक्त होने से ठंडक बढ़ गई है। आर्द्रता बढ़ने से बादल भी छाए हैं, जो धूप के प्रभाव को कम कर रहेे हैं। श्री गौर ने बताया कि आने वाले एक-दो दिन और ठंडे रहेंगे।