- Hindi News
- प्रतिभा पर्व कल से, सवा लाख बच्चे बैठेंगे
प्रतिभा पर्व कल से, सवा लाख बच्चे बैठेंगे
प्रतिभा पर्व की तैयारियों की समीक्षा के लिए शनिवार को कलेक्टोरेट में बैठक हुई। कलेक्टर संकेत भोंडवे ने जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों को परीक्षा की तैयारी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर ध्यान देने के निर्देश दिए। बैठक में डीपीसी एसएस पटेल ने बताया कि प्राथमिक-माध्यमिक स्कूलों में 15 से 19 दिसंबर तक प्रतिभा पर्व की परीक्षा होगी। इसमें करीब सवा लाख बच्चे बैठेंगे। राज्य शिक्षा केंद्र से मिले प्रश्नपत्रों के आधार पर बच्चों का शैक्षणिक मूल्यांकन होगा। प्रतिभा पर्व के बाद स्कूलों में बाल सभा होगी। खेलकूद और अन्य सामूहिक गतिविधियां भी होंगी। इसके लिए जिले के 677 स्कूलों में सत्यापन अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। अन्य स्कूलों में प्रधान पाठक और प्राचार्य यह परीक्षा सम्पन्न कराएंगे। प्रतिभा पर्व के कार्यक्रम को लेकर जिला परियोजना अधिकारी जिला शिक्षा केंद्र ने रूपरेखा बनाई है। जिसकी समीक्षा शनिवार को कलेक्टर संकेत भोंडवे ने एपीसी बीआरसी की मौजूदगी में की।
परियोजना अधिकारी एसएस पटेल ने बताया कि यह परीक्षा 1202 प्रायमरी और 544 मिडिल स्कूलों में होगी। इस कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सदस्यों की सहभागिता जरूरी है। उनकी मौजूदगी में ही प्रतिभा पर्व परीक्षा की गोपनीय सामग्री को खोला जाएगा।
सुबह होने वाली प्रार्थना सभा में भी सभी की उपस्थिति अनिवार्य है। इस दिन प्रतिभा पर्व के तहत बच्चों के मूल्यांकन के लिए परीक्षा ली जाएगी। कॉपियां भी उसी दिन जांची जाएंगी। शाला प्रबंधन समिति और सत्यापन अधिकारियों की मौजूदगी में रिजल्ट घोषित किए जाएंगे। इसके बाद स्कूलों में विशेष भोज होगा। साथ ही अन्य गतिविधियां भी होंगी। स्कूलों का रिकार्ड देखा जाएगा। प्रतिभा पर्व में बच्चों को मिले अंकों की जानकारी बीआरसी स्तर से ऑनलाइन फीड की जाएगी।