- Hindi News
- लॉजिस्टिक हब में 6 माह बाद शुरू होगी गुड्स ट्रेनें
लॉजिस्टिक हब में 6 माह बाद शुरू होगी गुड्स ट्रेनें
पवारखेड़ालाॅजिस्टिक हब में 6 माह बाद गुड्स ट्रेनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। इसके बाद इटारसी जंक्शन पर इन ट्रेनों का दबाव कम हो जाएगा। दूसरी यात्री ट्रेनों के परिचालन में भी मदद मिलेगी। इटारसी जंक्शन से यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका फायदा होगा। बुधवार को इस बात के संकेत लाॅजिस्टिक हब से पवारखेड़ा स्टेशन तक डल रही साइडिंग लाइन का निरीक्षण करने पहुंचे जबलपुर मंडल के मुख्य परिचालन प्रबंधक अनुराग गर्ग ने दिए हैं। साथ ही यह भी कहा कि हब के भीतर प्लेटफार्म और उसके आसपास जो काम शेष बचा है उसे कम समय में पूरा कर लें। इसके बाद पवारखेड़ा स्टेशन से लाॅजिस्टिक हब तक जाने वाली दोनों लाइन को जोड़ दिया जाएगा।
होशंगाबाद स्टेशन प्रबंधक आरपी मगरैय्या के मुताबिक टीम इटारसी से स्पेशल टॉवर वैगन से पंवारखेड़ा पहुंची थी। यहां इंजीनियरों की टीम ने तकनीकी पाइंटों की जांच की। उसके बाद श्री गर्ग के साथ टीम लाजिस्टिक हब पहुंची। वहां श्री गर्ग ने दोनों साइडिंग पर बन रहे प्लेटफार्मों के काम को देखा। साथ ही जो काम अधूरे थे, उन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। श्री मगरैय्या के मुताबिक साइडिंग से लेकर प्लेटफार्म बनाने तक का काम काफी पूरा हो गया है। कुछ कमियां है जिन्हें कम समय में पूरा करने को कहा गया है। ऐसे संकेत मिले है कि 6 महीने के अंदर साइडिंग को मुख्य लाइन से जोड़ दिया जाएगा। उसके बाद गुड्स ट्रेनों का आवागमन लाॅजिस्टिक हब में शुरू हो जाएगा। निरीक्षण के दौरान श्री गर्ग के साथ चीफ इंजीनियर ब्रिज श्री सोनकर, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक पीके ओझा समेत 30 इंजीनियरों की टीम भी आई थी। जिन्होंने बुधवार को सुबह 10 से करीब 12 बजे तक लाॅजिस्टिक हब के प्लेटफार्मों का निरीक्षण किया।
साइडिंग का काम पूरा
पंवारखेड़ास्टेशन से लेकर लाजिस्टिक हब तक दो लाइन डली है। इसका काम भी लगभग पूरा हो गया है। लेकिन मेन लाइन से इस को अभी नहीं जोड़ा गया है। क्योंकि हब के अंदर का कुछ काम बाकी है। साथ ही प्लेटफार्म पर भी काम होने है उसके बाद दोनों साइडिंग को जोड़ दिया जाएगा।
पवारखेड़ा साइडिंग पर इसे लेकर पूरी तैयारी हो गई है।
जंक्शन पर हो रही लोडिंग
अभीगुड्स ट्रेनों की लोडिंग-अनलोडिंग इटारसी जंक्शन में हो रही है। इस व्यवस्था के पंवारखेड़ा शिफ्ट होने के बाद यात्रियों को मदद मिलेगी क्योंकि कई बार गुड्स ट्रेनों को साइडिंग देने उन्हें रवाना करने लिए यात्री ट्रेनों को आउटर पर रोक लिया जाता है, जिससे परेशान होना पड़ता है।
यह होगा फायदा
रेलवेद्वारा जाे काम किए जा रहा है उससे सबसे बड़ा फायदा यह है कि यहां सभी मालगाड़ी में सामान लोड किया जाएगा। मालगाड़ी सामान भरने के लिए इटारसी नहीं जाएगी। पवारखेड़ा में ही हर तरह की सुविधाएं मिलेंगी। यही से अनाज के भी रेक लगेंगे। अभी तक इटारसी जाना पड़ता था।
तीसरी लाइन डलने से और बढ़ जाएगी सुविधा
इटारसीसे भोपाल के बीच तीसरी लाइन डलेगी। इस लाइन के डलने के बाद इस लाइन पर गुड्स ट्रेनों का परिचालन बढ़ा दिया जाएगा। लेकिन ये ट्रेनें इटारसी स्टेशन के बजाए पवारखेड़ा और लॉजिस्टिक हब में ही रुकेगी। जिससे यात्रियों को सुविधा होगी। साथ ही रेलवे का राजस्व भी बढ़ जाएगा। तीसरी रेलवे लाइन के लिए सर्वे हो गया है और लाइन डालने का काम शुरू हो गया है। अभी नर्मदा पर ब्रिज बन रहा है। ब्रिज बनने तक होशंगाबाद में लाइन डाली जाएगी।