- Hindi News
- मोहासा गांव के लोगों में दहशत, सोमवार को पहुंची तीन टीमें
मोहासा गांव के लोगों में दहशत, सोमवार को पहुंची तीन टीमें
होशंगाबाद। मोहासा ग्राम में उपचार के लिए पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने लोगों की जांच की।
नगर संवाददाता|होशंंगाबाद
माखननगरके मोहासा में पिछले 15 दिनों में डिप्थीरिया जैसी बीमारी से हुई तीन बच्चों की मौत के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है। साेमवार को स्वास्थ्य विभाग ने गांव में बीमार बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तीन टीमें भेजीं। बाबई बीएमओ डॉ. आदर्श खरे, हाेशंगाबाद के डॉ.संजय पुरोहित और आरएस चौहान-आई तिग्गा गांव की स्थिति का जायजा लेने के लिए पहुंचे। टीम के सदस्यों ने गांव के हर घर में जाकर बीमार पड़े बच्चों के विषय में जानकारी हासिल की। डॉ.संजय पुरोहित ने बताया कि लगभग सभी बीमार बच्चों की बीमारी के लक्षण एक जैसे हैं। लेकिन यह कौन सी बीमारी है, इसका पता भोपाल भेजे गए सैंपलों की जांच रिपोर्ट आने के बाद पता लगेगा। बीएमओ डॉ.आदर्श खरे ने बताया कि गांव के जो 6 बच्चे बीमार हैं, उनका लगातार फॉलोअप कर रहे हैं। बच्चों को दी जाने वाली एंटीबायोटिक दवाओं का अब असर दिख रहा है, लेकिन सही इलाज के लिए हमें रिपोर्ट आने का इंतजार है। गांव का हाल जानने के लिए गई टीम के प्रभारी आई तिग्गा ने बताया कि गांव के सभी लोगों से बीमार बच्चों को लेकर बात की गई है। रिपोर्ट सीएमएचओ को सौंपी जाएगी।
माखननगर के गुड़ारियामोती गांव के दो वर्षीय बच्चे ने दो दिन के बुखार के बाद दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल आए मुकेश कीर ने बताया कि उसके बेटे ओमप्रकाश को पिछले दो दिनों से बुखार रहा था। उसको परिवार के लोगों ने आरी गांव में एक डॉक्टर को दिखाया था, लेकिन इलाज का कोई असर नहीं हुआ। बुखार अधिक नहीं था, इसलिए ज्यादा चिंता की बात नहीं थी। सोमवार शाम को अचानक बच्चे की तबीयत खराब हो गई। जिला अस्पताल लाते समय बच्चे ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सीएमएचओ डॉ. एएल मरावी का कहना है कि बच्चे की मौत के कारणों की जांच कराई जाएगी।
दो दिन का बुखार, बच्चे ने दम तोड़ा