मालाखेड़ी में खुली पुलिस चौकी
मालाखेड़ीमें बड़ के चौराहे पर पुलिस की स्थाई चौकी खुल गई है। यह पुलिस सहायता केंद्र के रूप में काम करेगी। यहां पर 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा। यहां टेलीफोन सहित अन्य सुविधाएं रहेगी। इससे हजारों लोगाें को सीधा फायदा होगा। मालाखेड़ी में लंबे समय से सहायता केंद्र खोलने की मांग की जा रही थी। गुरुवार से यह सहायता केंद्र काम करेगा। इसका गुरुवार को विधिवत शुभारंभ भी होगा।
पुलिस कंट्रोल रूम के आगे कोई भी पुलिस सहायता केंद्र या चौकी नहीं थी। इससे इस क्षेत्र में असामाजिक तत्व की गतिविधियां बढ़ने की सूचनाएं पुलिस को मिल रही थी। यहां के निवासी हजारों लोग इसकी मांग कर रहे थे। अब यहां बुधवार को यह चौकी खोल दी गई है। शाम को एसडीओपी एनपी चाैधरी और देहात थाना प्रभारी एचसी पांचाल ने यहां सहायता केंद्र खोलकर इस क्षेत्र में पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। अब लगातार यहां पुलिस रहेगी। इस संबंध में एसपी आशुतोष प्रताप सिंह ने बताया कि इस क्षेत्र में चौकी खोलना जरूरी महसूस हो रहा था। वैसे अभी तक खुल जाना था। अब गुरुवार से यह चौकी काम करेगी। यहां टेलीफोन लगाया जाएगा जिस पर लोग रात में अपनी शिकायत हो तो दर्ज करा सकते हैं। साथ ही यहां 24 घंटे पुलिस बल ड्यूटी पर तैनात रहेगा। एसपी श्री सिंह ने बताया ने बताया कि इससे मालाखेड़ी सहित आसपास के गांव के लोग आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
आदर्श गांव से सीधा संपर्क
मालाखेड़ीमें खुली पुलिस चौकी का सांसद द्वारा गोद लिए गए आदर्श गांव सांगाखेड़ा कला का सीधा संपर्क रहेगा। चौकी का स्टाफ आदर्श गांव में भी संपर्क में रहेगा। साथ ही रायपुर, धाानाबड़, बांद्राभान के लोगों को सुविधा होगी। इसके अलावा मालाखेड़ी की कालोनी, गौर कालोनी, सांई बिहार, कावेरी स्टेट, मंगलमय परिसर सहित अन्य कालोनियों के लोगों के हजारों लोगों को जरूरत पड़ने पर बहुत सहूलियत होगी। थाना प्रभारी एचसी पांचाल ने बताया कि सहायता केंद्र में बोर्ड लगाया जाएगा और चौक पर पुलिस रात में पैट्रालिंग करेगी। यहां केंद्र खुलने से पुलिस किसी भी तरह की घटना के बाद तत्काल मौके पर पहुंच सकती है।
अच्छी खबर