300 बकायदारों से 91 लाख वसूले
होशंगाबाद| तहसीलकी सात सहकारी समितियों से लोन लेने वाले बकायदारों से वसूली की जा रही है। अभी तक 300 बकायदारों से 91 लाख रुपए वसूले गए हैं, जबकि मार्च-अप्रैल तक 1 हजार बकायादारों से पौने पांच करोड़ रुपए वसूलने का टारगेट है। होशंगाबाद तहसील के ये वे बकायादार हैं, जिन्होंने पिछले सालों में समितियों से कर्ज लिया था, लेकिन समय सीमा में लौटाया नहीं। गुरुवार को इन सभी समितियों के बकायादारों के लिए तहसील स्तर पर वसूली कैम्प लगाया गया था, जिसमें 11 लाख रुपए की वसूली हुई है। इसके पहले बुधवार को जासलपुर निमसाड़िया समिति से रुपए लेने वाले बकायादारों के लिए कैम्प लगाया गया था, जिसमें 8 लाख 31 हजार रुपए की वसूली की गई। तहसीलदार अतुल सिंह ने बताया कि 6 जनवरी से यह वसूली की कार्रवाई की जा रही है। अभी तक करीब 300 बकायादारों से 91 लाख रुपए की वसूली हुई है। जबकि तहसील के अंतर्गत आने वाली कुल 7 सहकारी समितियों के 1300 बकायादारों से 5. 57 करोड़ रुपए की वसूली करने का टारगेट है। श्री सिंह के मुताबिक जिन बकायादारों ने अभी बकाया राशि जमा नहीं की है, वे समितियों में भी जमा कर सकते हैं, लेकिन उसकी एंट्री कराना भूलें। ऐसा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसमें उन्हें समय सीमा दी जाएगी।
यदि उसमें भी वे राशि जमा नहीं कर पाते हैं,तो ऐसे बकायादारों की चल-अचल संपत्ति जब्त कर ली जाएगी।