- Hindi News
- परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी रोकने तैनात होंगे दूसरे विभाग के अधिकारी
परीक्षा केंद्रों पर गड़बड़ी रोकने तैनात होंगे दूसरे विभाग के अधिकारी
बोर्डके हाई हायर सेकंडरी परीक्षा केंद्रों पर नकल गड़बड़ी रोकने के लिए अब दूसरे विभाग के अधिकारी-कर्मचारी निगरानी करेंगे। बोर्ड के निर्देश पर शिक्षा विभाग आब्जर्वर नियुक्त करने दूसरे विभागों के जागरूक कर्मचारियों की सूची तैयार कर रहा है। कलेक्टर इन्हें परीक्षा केंद्रों पर नियुक्त करेंगे। दूसरे विभाग के आब्जर्वर्स को परीक्षा केंद्रों पर पूरे तीन घंटे रुक कर माॅनीटरिंग करनी पड़ेगी। यदि परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की गड़बड़ी होगी, तो केंद्राध्यक्ष के साथ इनसे भी पूछताछ और कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड ने यह नई व्यवस्था नकल प्रकरणों पर रोक लगाने के उद्देश्य से लागू की है। वहीं, शिक्षक परिचित विद्यार्थियों को नकल भी नहीं करा सकेंगे। इस व्यवस्था पर दूसरे विभाग के कर्मचारी नजर रखेंगे। परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर यह कर्मचारी कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपेंगे, जिस पर कार्रवाई भी होगी।
केंद्राध्यक्षोंके कामकाज में हस्तक्षेप नहीं होगा
यहआब्जर्वर केंद्राध्यक्ष के कार्यों में हस्तक्षेप नहीं करेंगे। यह केवल माॅनीटरिंग करके व्यवस्था पर नजर रखेंगे। आब्जर्वर परीक्षा कक्षों का लगातार निरीक्षण करेंगे। इन्हें परीक्षा के तीन घंटों की रिपोर्ट भी शिक्षा विभाग और प्रशासन को देनी होगी। जिले में 79 परीक्षा केंद्रों पर यह आब्जर्वर नियुक्त होंगे।
शिक्षा विभाग अभी जो सूची बना रहा है, उसके हिसाब से आब्जर्वर अपने खुद के शहर में काम नहीं करेंगे। इन आब्जर्वरों को आसपास के ब्लॉकों में पहुंचकर परीक्षा का काम देखना पड़ेगा। डीईओ अरविंद चौरगड़े ने बताया कि नई व्यवस्था से नकल प्रकरणों के साथ अन्य गड़बड़ व्यवस्थाओं पर रोक लग सकेगी।