बारिश ने फिर बढ़ाई ठंड, मेले में कीचड़
शहरमें रात 10.15 बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हुई, जो रात 11.30 तक जारी रही। बिजली चमकने और तेज बूंदों वाले पानी ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। बारिश ने रामजी बाबा मेला घूमने आए लोगों का मजा किरकिरा कर दिया। बारिश के कारण कई दुकानें भी जल्दी बंद हो गई। इधर तेज बारिश की आशंका के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। लेट बोवनी वाले किसान ज्यादा परेशान हैं। बारिश के कारण गेहूं के फूल झड़ने की आशंका बढ़ गई है। मंगलवार को सुबह भी 15 मिनट में 1.6 मिमी बारिश हुई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। जबकि सोमवार को यह क्रमश: 26.9 और 12.4 डिग्री रहा था। इसके बाद हल्की धूप और बादल दिनभर आसमान में रहे। इससे ठंड बढ़ गई।
रात 10 बजे से शुरू हुई बारिश के बाद रामजीबाबा मेले में कव्वाली को बीच में ही रोकना पड़ा। कीचड़ के कारण घूमने आए लोगों को बाहर निकलने में असुविधा हुई। बारिश के कारण दुकानों में रखा सामान भी भीग गया। वहीं, फर्श कच्चा होने के कारण दुकानों में फिसलन भी हो गई।
फसल को हल्का नुकसान
जिलेमें मंगलवार को हुई बारिश से फसल को नुकसान नहीं होगा। कृषि विस्तार अधिकारी रामकृष्ण दीक्षित ने बताया कि जिन किसानों की फसल में बाली रही हैं उन्हें थोड़ा-सा नुकसान हो सकता है। लेकिन अधिकतर हिस्से में फसल को पानी से नुकसान नहीं होगा। हालांकि बारिश से चने की फसल प्रभावित हो सकती है।
ओले के साथ होगी बारिश
मौसमविभाग के अनुसार क्षेत्र में स्थानीय क्लाउड बन रहे हैं। यह कुछ समय पहले अरब सागर से उठी नमी का असर हैं। मौसम वैज्ञानिक डीएस गौर ने बताया कि संभाग में कम दबाव का क्षेत्र कहीं-कहीं डेवलप हो रहा है। इससे क्षेत्र में अगले दो-तीन दिन के दौरान कहीं-कहीं ओले के साथ तेज बारिश हो सकती है।
देर रात हुई बारिश से अफरातफरी मच गई और मौसम में ठंडक बढ़ गई।