पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • किसानों को उद्योग से जोड़ने की जरूरत

किसानों को उद्योग से जोड़ने की जरूरत

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कृषि उत्पादन क्षेत्र में होशंगाबाद मप्र का अग्रणी जिला है। धान, रेशम, गेहूं और तिलहन के उत्पादन में इसने अपनी पहचान बनाई है। इसलिए यहां के किसानों की तरक्की के लिए उन्हें उद्योगों से जाेड़ने की आवश्यकता है। यह बात शनिवार को कृषि उपज मंडी समिति परिसर में आयोजित जिला स्तरीय किसान सम्मेलन में प्रदेश की उद्योग मंत्री और जिले की प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कही। उन्होंने किसानों को अगले माह 8, 9 एवं 10 अक्टूबर को इंदौर में हो रहे अंतर्राष्ट्रीय समिट में आने को भी कहा। पीडब्ल्यूडी मंत्री सरताज सिंह ने देश के विकास के लिए किसानों की खुशहाली पर जोर दिया। सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीताशरण शर्मा, नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर व्हीके बाथम, कलेक्टर संकेत भोंडवे, भाजपा जिला अध्यक्ष संपत मूदड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष योजनगंधा सिंह जूदेव, पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा, गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शिव चौबे, मप्र बीज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष मधुकर राव हर्णे, नगर पालिका अध्यक्ष माया नारोलिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष भगवती चौरे, भंडार गृह निगम के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ठाकुर किसान गण उपस्थित थे।

सम्मेलन में ये भी हुआ

सम्मेलनमें 79,651 किसानों को 296 करोड़ रुपए की फसल बीमा राशि के प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इनमें से कुछ किसानों को प्रभारी मंत्री ने प्रतीक स्वरूप अपने हाथों से प्रमाण पत्र सौंपे। प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने किसान सम्मेलन के मौके पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई आकर्षक प्रदर्शनी देखी और उनकी सराहना की। उन्होंने स्वरोजगार योजना के एक हितग्राही को डस्टर गाड़ी की चाबी सौंपी। बाद में प्रभारी मंत्री ने कृषि क्रांति रथ को हरी झंडी दिखाकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया। कमिश्नर श्री बाथम ने जिले के अधिकारी कर्मचारियों की ओर से जम्मू कश्मीर के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 2 लाख 51 हजार रुपए का चैक मंत्री को सौंपा।

प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी देखी और सराहना की।