पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बिलों में गड़बड़ी की जांच के लिए मांगा दस दिन का समय

बिलों में गड़बड़ी की जांच के लिए मांगा दस दिन का समय

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिजली कंपनी में करोड़ों रुपए के फर्जीवाड़े की जांच और लोगों को दिए जा रहे गड़बड़ बिलों में सुधार की मांग को लेकर शनिवार को उपभोक्ताओं ने फेफरताल स्थित बिजली कंपनी के ऑफिस में धरना दिया। कंपनी द्वारा कनेक्शन काटने से परेशान 25 उपभोक्ता सुबह 10.30 बजे कंपनी के ऑफिस पहुंचे और धरने पर बैठ गए। धीरे-धीरे यह संख्या बढ़कर 200 से ऊपर पहुंच गई। उपभोक्ताओं के धरना और नारेबाजी करने के दो घंटे बाद बिजली कंपनी ने लोगों की ज्यादातर शर्तें मान लीं। कंपनी के कार्यपालन यंत्री पीएस सक्सेना ने धरने पर बैठे लोगों से मौखिक रूप से दस दिनों का समय सभी प्रकार के सुधार के लिए मांगा है। वहीं, यह भी कहा है कि दस दिनों तक शहर में बकाया राशि को लेकर कनेक्शन नहीं काटे जाएंगे। कंपनी के सहायक यंत्री हितेष वशिष्ट को विशेष रूप से उपभोक्ताओं के मनमाने बिल सुधारने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। कंपनी ने बिलों के समायोजन, फर्जी रसीद और बिल सहित अन्य गड़बडिय़ों की जांच भी निष्पक्ष तरीके से करने का आश्वासन धरने पर बैठे लोगों को दिया है। श्री सक्सेना ने गड़बड़ी करने वालों की एफआईआर जल्द ही करने और जांच रिपोर्ट आम लोगों के सामने लाने की बात भी कही है। अधिकारी के आश्वासन के बाद ही उपभोक्ता 12.30 बजे धरने से उठे। धरने का नेतृत्व कर रहे संदीप गौर ने बताया कि हम दस दिनों तक सुधार का इंतजार करेंगे। बिजली कंपनी के कार्यपालन यंत्री पीएस सक्सेना ने बताया कि उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का सुधार किया जा रहा है। उपभोक्ता गड़बड़ी वाले बिल सहायक यंत्री से सुधरवा सकते हैं।