- Hindi News
- मंत्री और अफसर होंगे अनाथ बच्ची की शादी में मेहमान
मंत्री और अफसर होंगे अनाथ बच्ची की शादी में मेहमान
शहर में संचालित मां सुंदरदेवी सेवा आश्रम की अनाथ बच्ची की शादी के लिए खास इंतजाम किए जा रहे हैं। शादी में प्रदेश के मंत्रियों के अलावा दिल्ली से भी आला नेताओं के आने की संभावना है। इनके लिए करीब 2700 निमंत्रण पत्र छपवाए गए हैं। दो हजार कार्ड तो अकेले विदिशा शहर में बांटे जाएंगे। यह आश्रम मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और उनकी धर्मप|ी साधना सिंह चौहान के मार्गदर्शन में संचालित किया जाता है।
इस आश्रम में रहकर अभी सात बच्चियां पढ़ाई कर रही हैं। इनमें से सबसे बड़ी 22 साल की बच्ची सोना का शुभ विवाह 12 फरवरी को बकतरा के त्रिलोकचंद मेहरा के साथ होना है। त्रिलोकचंद होशंगाबाद में एक कांट्रेक्टर के साथ काम करते हैं। विवाह की सारी रस्में बेतवा तट स्थित श्री बाढ़वाले गणेश मंदिर परिसर में संपन्न होंगी। आश्रम में 10 फरवरी को होने वाले माता पूजन की तैयारी चल रही है। बालिकाएं गीत-संगीत का आयोजन कर रही हैं। मुख्यमंत्री चौहान धर्मप|ी साधना सिंह के साथ विवाह समारोह में कार्यक्रम में पूरे समय मौजूद रहकर कन्यादान करेंगे और मेहमानों को भोज देने के साथ उनका स्वागत भी करेंगे। शनिवार शाम श्रीमती चौहान ने विदिशा पहुंचकर विवाह समारोह की तैयारियां का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि 10 फरवरी को माता पूजन की तैयारी चल रही है। इसके बाद विवाह की तैयारियों में जुटेंगे। व्यवस्था में कोई कमी रह जाए, इस बात का खास ध्यान रखा जा रहा है। विवाह समारोह की तैयारियों को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारी भी मुस्तैद हो गए हैं।
प्रमुख मार्गों की मरम्मत की जा रही है। निमंत्रण पत्रों को मेहमानों तक पहुंचाने के लिए एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता लगे हुए हैं। आयोजक के रूप में मुख्यमंत्री चौहान की ओर से मेहमानों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं।