होशंगाबाद। नर्मदा को प्रदूषण से बचाने के लिए पहले से चल रही राष्ट्रीय नदी संरक्षण योजना के तहत काम शुरू नहीं हुआ है और अब राज्य शासन द्वारा बनी योजना में होशंगाबाद को फिर शामिल कर लिया है। नए प्लान के तहत नपा को अब अलग से प्लान बनाना होगा। इसमें नर्मदा में मिल रहे नाले, काॅलोनियों के पानी को रोकने, कटाव रोकने का प्लान बनाकर शामिल करना है। राज्य सरकार ने प्रदेश में नर्मदा को प्रदूषण से बचाने के लिए जो फिजिब्लिटी प्लान तैयार किया है उसके पहले चरण में होशंगाबाद को शामिल किया है। नया प्लान अगले माह से बनना शुरू हो सकता है।
नगरपालिका नर्मदा के लिए अब अलग से प्लान बनाने की तैयारी कर रही है। इसमें यह शामिल किया जाएगा कि कैसे नर्मदा को प्रदूषण से बचाया जा सकता है। प्लान बनने के बाद राज्य शासन से स्वीकृति मिलेगी। प्लान में शािमल हर शहर में ट्रीटमेंट प्लांट लगना जरूरी है। अभी तक जिले में एसपीएम को छोड़कर कहीं भी ट्रीटमेंट प्लांट नहीं हैं। सीएमओ पवन कुमार सिंह ने बताया कि अभी हमारे पास यह नहीं आया है कि प्लान किस तरह से और कैसे बनना है। प्रस्ताव आने के बाद काम शुरू करेंगे।